पूर्व मंत्री इमरती देवी का दावा : लॉकडाउन नहीं हुआ होता तो अब तक सिंधिया केन्द्र में मंत्री होते
भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस के कमलनाथ की सरकार गिराकर भाजपा के शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनाने में किंगमेकर की भूमिका निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर पूर्व मंत्री इमरती देवी का बयान आया है। मीडिया से बातचीत में सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री इमरती देवी ने दावा किया है कि अगर कोरोना महामारी नहीं आती और देश में लॉकडाउन घोषित नहीं होता तो अब तक ज्योतिरादित्य सिंधिया केन्द्र में मंत्री बन गए होते।

इमरती देवी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल लालजी टंडन की मुलाकात पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि 'शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमण्डल का विस्तार तय है। यही नहीं बल्कि मंत्रिमण्डल के विस्तार में सिंधिया समर्थक विधायकों को भी जगह मिलेगी। इमरती देवी के अनुसार देश में इस समय कोरोना महामारी फैली है और जान है तो जहान है। इसलिए पहले इससे निपटने की तैयारियां जरूरी हैं। वैसे अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी राज्यपाल से मुलाकात कर रहे हैं तो मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।
पूर्व मंत्री इमरती देवी ने यह भी कहा कि अब तक तो ज्योतिरादित्य सिंधिया भी केंद्र में मंत्री बन चुके होते बल्कि राज्यसभा के चुनावी प्रक्रिया के दस दिन बाद ही मंत्री बन जाते, लेकिन कोराना महामारी के चलते मुमकिन नहीं हो पाया है। इमरती देवी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हमें भले ही मंत्री बनने की चिंता ना हो लेकिन कांग्रेसी जरूर परेशान घूम रहे हैं। हमारे और सिंधिया के मंत्री बनने की भाजपाइयों से ज्यादा टेंशन कांग्रेसियों को है। कांग्रेसियों को इस महामारी के दौर में ऐसी राजनीति नहीं करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications