किसानों से दुर्व्यवहार मामले में फंसे ADM को पद से हटाने का फैसला, CM बोले ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुरैना में किसानों के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में फंसे एडीएम की मुश्किलें और बढ़ गई है। बुधवार को एक कलेक्टर-आयुक्त सम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस मसले पर खासे नाराज नजर आए। कॉन्फ्रेंस के दौरान नसीहत देने के साथ ही सीएम शिवराज ने एडीएम को पद से हटाने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी अधिकारी की ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस की। बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण की रिपोर्ट रखी गई। मुख्य सचिव कार्यालय ने सभी जिलों से एक दिन पहले ही जानकारी मंगा ली थी। पिछली दो बैठकों में छह आईएएस और आईपीएस अफसरों पर गाज गिर चुकी है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर बैतूल व गुना कलेक्टर और नीमच व निवाड़ी एसपी को हटाया गया था। यह एक्शन शराब माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही करने पर हुई है।
मुख्यमंत्री ने 8 फरवरी को एक कॉन्फ्रेंस की थी। कॉन्फ्रेंस के खत्म होते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो जिलों के कलेक्टर और दो जिलों के पुलिस अधीक्षकों को हटाने के निर्देश दिए थे। शराब माफिया और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही के चलते मुख्यमंत्री ने यह निर्णय लिया था। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को निर्देश दिए थे, कलेक्टर बैतूल राकेश सिंह और नीमच जितेंद्र सिंह के अलावा एसपी निवाड़ी वाहिनी सिंह व गुना राजेश सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications