कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने भाजपा नेताओं को घेरा, बोले- क्या छतरपुर जैसा एक्शन रांची में होना चाहिए
भोपाल मध्य के कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने छतरपुर में हाल ही में हुई पुलिस थाने पर पथराव की घटना को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। मसूद ने सवाल उठाया है कि जब भाजपा नेता छतरपुर की घटना पर बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं, तो क्या अब इसी तरह की कार्रवाई रांची में भी की जानी चाहिए?
मसूद ने कहा, "मध्य प्रदेश के भाजपा नेता छतरपुर की घटना पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। अब उनसे पूछना चाहता हूं कि उन पर क्या कार्रवाई होनी चाहिए? इन्होने भी पुलिस के साथ हिंसा की है, और वे भी हमारे देश के जवान हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "हम संविधान को मानने वाले लोग हैं। हम भाजपा से यह सवाल पूछते हैं कि जो कार्रवाई छतरपुर में की गई, क्या वही रांची में भी की जानी चाहिए?"
यह बयान एक दिन बाद आया है जब छतरपुर में पुलिस थाने पर पथराव और इसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में गर्मी पैदा कर दी थी। मसूद की टिप्पणी इस घटना को लेकर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और आरोप-प्रत्यारोप के बीच आई है।
छतरपुर में कोतवाली थाने पर पथराव मामले में 7 और गिरफ्तार, कुल 29 आरोपी जेल में
छतरपुर में कोतवाली पुलिस थाने पर पथराव की घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। शनिवार को पुलिस ने 7 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले शुक्रवार को 22 आरोपियों को जेल भेजा गया था। इस प्रकार, अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने इस मामले में 46 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, जबकि प्रशासन ने 16 शस्त्र लाइसेंस को निलंबित कर दिया है।
शनिवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं
- नईम खान उर्फ मोनू (40) - पिता: रसूल खान, निवासी: पुरानी ईदगाह मस्जिद के पास, डाकखाना चौराहा, छतरपुर
- अंजार राईन (25) - पिता: हल्के राईन, निवासी: सवनीगर मोहल्ला, सिद्धेश्वर मंदिर के पास, छतरपुर
- जाबिर अली (38) - पिता: शाबिर अली, निवासी: नया मोहल्ला, मश्तानशाह मार्ग, छतरपुर
- मोहम्मद मेहमूद रजा (32) - पिता: मोहम्मद लुकमान, निवासी: मश्तान शाह कॉलोनी, छतरपुर
- शेख फैजान (26) - पिता: स्व. शेख ताहिर, निवासी: रानी तलैया, मश्तान शाह कॉलोनी, छतरपुर
- मोहम्मद इरफान उर्फ मौलाना इरफान (34) - पिता: मोहम्मद इलियास, निवासी: हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नया मोहल्ला, छतरपुर
- नाजिम चौधरी (50) - पिता: अजीज चौधरी, निवासी: सर्किट हाउस के पीछे, पठापुर रोड, छतरपुर
रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस पर पत्थरबाजी का आरोप- दिग्विजय
झारखंड के रांची में एक प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्विटर (X) पर रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा का वीडियो साझा किया है। वीडियो में एसएसपी चंदन सिन्हा कहते हैं, "भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी की है। एक ओर आप भारत माता की जय बोल रहे हैं, दूसरी ओर भारत माता के जवानों पर पत्थर फेंक रहे हैं, जिससे उनकी जान जा सकती है।"
दिग्विजय सिंह ने भाजपा से सवाल किया कि क्या छतरपुर में हुई कार्रवाई की तरह रांची में भी भाजपाइयों के घरों पर बुलडोजर चलवाया जाएगा। इस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार अत्याचार कर रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा बताया।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री के सवालों के जवाब में मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह को झूठ फैलाने का ठेका मिला है।












Click it and Unblock the Notifications