नीलबड़ में कल सीएम करेंगे 215 करोड़ की योजनाओं का भूमि पूजन, BJP विधायक रामेश्वर शर्मा का बड़ा बयान
हुजूर विधानसभा क्षेत्र के 76 गांवों एवं नीलबड़ क्षेत्रों को आगामी दिनों में कई विकास कार्यों की सौगात मिलने वाली है। हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत ₹91 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है।
राजधानी भोपाल की हुजूर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 76 गांवों एवं नीलबड़ क्षेत्रों को आगामी दिनों में कई विकास कार्यों की सौगात मिलने वाली है। हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत ₹91 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। साथ ही कलखेड़ा में ₹60 करोड़ की लागत से प्रधानमंत्री आवास एवं 40 करोड़ रूपये की लागत से नीलबड़ से लेकर बड़झिरी तक स्ट्रीट लाइट के साथ फोरलेन सड़क मार्ग के निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। इसके अलावा 24 करोड रुपए की लागत से अन्य सड़कों का निर्माण कार्य किया जाएगा।

76 गांव को 91 करोड़ की पेयजल योजना
बता दें कि हुजूर विधानसभा क्षेत्र के नीलबड़ में 215 करोड़ की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों का भूमि पूजन रविवार को नीलबड़ में सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत एवं भूमि पूजन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए बीते दिनों विधायक रामेश्वर शर्मा ने नीलबड़ और कोलार में कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शर्मा ने कहा कि हम लगातार एक के बाद एक विकास कार्यों की सौगात जनता को दे रहे हैं चाहे गांव हो या शहर हम कभी भी उन्नति और प्रगति के प्रयासों में कोई कमी नहीं छोड़ रहे। हम हर नागरिक को मूलभूत सुविधाओं से अधिक और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहते है।
विधायक शर्मा ने दी मिशनरी स्कूलों को चेतावनी
शनिवार को हुजूर से भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने मिशनरी स्कूलों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा दो लेकिन धर्म का प्रचार मत करो प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया तो एक्शन लेंगे। विधायक कोलार स्थित एक प्राइवेट स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने धर्म परिवर्तन को लेकर मंच से ये बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों से कह रहा हूं शिक्षा दो, लेकिन धर्म का प्रचार मत करो। शिक्षा देश के कल्याण के लिए दो। भारत की संस्कृति सब को स्वीकार करती है। लेकिन यदि कोई प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करेगा तो हम एक्शन लेंगे। हम सभी सुविधाएं देंगे। सुरक्षा देंगे। यदि कोई गुंडा परेशान करेगा तो उस पर कार्रवाई करेंगे, लेकिन किसी गरीब का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन नहीं करा सकते, यह भी हमारी जिम्मेदारी है।












Click it and Unblock the Notifications