करणी सेना के समर्थकों को शिवराज ने दिया जवाब, बोले- मां के लिए अभद्र भाषा का उपयोग अंतरात्मा को व्यथित कर गया
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गाली देने वाले करणी सेना के समर्थकों को जवाब देते हुए लिखा कि मां का स्वर्गवास मेरे बचपन में ही हो गया। उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल अंतरात्मा को व्यथित कर गया।

Karni Sena : सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गाली देने वाले करणी समर्थकों को जवाब दिया है। शिवराज ने अपनी मां को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने लिखा- मां का स्वर्गवास मेरे बचपन में हो गया। उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल अंतरात्मा को व्यथित कर गया। बता दे राजधानी भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए करणी सेना परिवार के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने आए कुछ युवकों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गालियां दी थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद ओबीसी महासभा और किरार महासभा ने थाने पहुंचकर मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने हरियाणा से ओकेंद्र सिंह राणा को गिरफ्तार किया था।

सीएम ने कहा- इन बच्चों को क्षमा करें
सीएम शिवराज ने रविवार को इस मामले में ट्वीट करते हुए लिखा कि पिछले दिनों एक आंदोलन के दौरान अभद्र भाषा का उपयोग किया गया था। मुख्यमंत्री की आलोचना का अधिकार है लेकिन जिस माँ का स्वर्गवास वर्षो पहले मेरे बचपन में ही हो गया था। उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल अंतरात्मा को व्यथित कर गया। सीएम ने लिखा कि इस मामले में क्षमा मांगी गई है, मैं भी अपनी मां से प्रार्थना करता हूं कि वह जहां भी हो अपने इन बच्चों को क्षमा करें और मेरे मन में भी अब उनके लिए कोई गिला शिकवा नहीं है। आप सब अपने हैं और अपना भी कोई गलती कर दे तो उसको अपने से अलग नहीं किया जा सकता। शिवराज ने कहा कि मैं सबसे स्नेह करता हूं। सबके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हूं और समाज के सभी वर्गों के विकास का काम किया है और आगे भी करता रहूंगा।

अभद्र भाषा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
बता दे भोपाल पिपलानी थाना पुलिस ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ नारे लगाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में करणी सेना के दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया था दरअसल कार्यकर्ताओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें वे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर अभद्र भाषा का उपयोग करते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो महात्मा गांधी चौराहे से जम्बूरी मैदान के बीच बनाया गया है। अब पुलिस वीडियो के आधार पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले करणी सेना के अज्ञात कार्यकर्ताओं की पहचान का प्रयास कर रही है। पहचान होने पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

जीवन सिंह शेरपुर ने सीएम शिवराज से मांगी क्षमा
सीएम शिवराज के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी को लेकर किरार महासभा के साथ ओबीसी महासभा ने भी अपना विरोध दर्ज करवाया उधर करणी सेना परिवार के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने सीएम शिवराज से इस घटना को लेकर माफी मांगी है। हालांकि करणी सेना परिवार पहले ही ऐसे लोगों को अपने संगठन से अलग बता चुका है। करणी सेना परिवार के संगठन मंत्री शैलेंद्र सिंह झाला ने कहा कि सीएम को अपशब्द कहने वाला ओकेंद्र राणा का हमारे संगठन से कोई लेना देना नहीं है। वह करणी सेना का ना तो कोई सदस्य और ना ही कोई पदाधिकारी हैं।

भोपाल में ओबीसी महासभा के नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा था ज्ञापन
बता दे इस मामले को लेकर भोपाल में ओबीसी महासभा के नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर सीएम शिवराज को गाली देने वाले करणी सैनिकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने ओबीसी में शामिल सभी जातियों का अपमान किया है। सीएम शिवराज ओबीसी वर्ग से आते हैं और उन्हें गंदी गंदी गाली देना सर्व समाज का अपमान है। शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। हम ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द इन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जाए और करणी सेना के प्रमुख को इसके लिए माफी मांगना चाहिए।

पुलिस ने हरियाणा के ओकेंद्र राणा को किया गिरफ्तार
सीएम शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ करणी सेना के आंदोलन के दौरान आपत्तिजनक नारेबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक्शन भी लिया। पुलिस ने हरियाणा के ओकेंद्र राणा को शुक्रवार को उसके घर पर पहुंचकर गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि जंबूरी मैदान में भी 8 जनवरी को शुरू हुए करणी सेना परिवार को समर्थन देने भोपाल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि यहां शिवराज के खिलाफ अपशब्द कहने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पिपलानी पुलिस ने केस दर्ज किया था।

मंत्री सिसोदिया ने दी तीखी प्रतिक्रिया
राजधानी भोपाल में 4 दिनों तक चला करणी सेना का आंदोलन ने प्रदेश की सियासत को गर्म कर दिया। दरअसल करणी सैनिकों का सीएम शिवराज को अपशब्द कहने का वीडियो वायरल होने पर प्रदेश के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। सिसोदिया ने कहा कि जीवन सिंह को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। मैं खुद भी महाराणा प्रताप का वंशज हूं क्षत्रिय हूं, लेकिन इस तरह की भाषा का उपयोग क्षत्रिय धर्म नहीं कहलाता।












Click it and Unblock the Notifications