MP News: सीएम शिवराज ने 9 राज्यों से आए युवा BJP मोर्चा के प्रतिनिधियों से की मुलाकात
CM शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश कभी बीमारू राज्य कहलाता था। हमको कहीं कोई गिनता नहीं था, लेकिन आज मुझे कहते हुए गर्व है कि मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को 9 राज्यों से प्रदेश की यात्रा पर आए युवा मोर्चा के प्रतिनिधियों से सीएम हाउस पर मुलाकात की। सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश में जन-कल्याण और विकास के विभिन्न कार्य और गतिविधियां तेजी से हो रही हैं। सुशासन की दृष्टि से हमने अनेक प्रयास किए हैं और लगातार नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। समाधान ऑनलाइन, जनसुनवाई, वन-डे गवर्नेंस और सीएम हेल्पलाइन बहुत लोकप्रिय हुई हैं।
राज्य सरकार की मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण का अभिनव प्रयास है। प्रदेश में शिकायतों के निवारण के लिए समाधान ऑनलाइन, सीएम हेल्प लाइन और जन-सुनवाई की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मध्यप्रदेश कभी बीमारू राज्य कहलाता था। हमको कहीं कोई गिनता नहीं था, लेकिन आज मुझे कहते हुए गर्व है कि मध्यप्रदेश ने हर क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई है। हर माह ढाई लाख युवाओं को स्व-रोजगार के लिए ऋण दिया जा रहा है।
सीएम शिवराज ने कहा कि फैक्टरी आदि में काम सीखने के लिए मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना के तहत युवाओं को 8100 रूपए हर महीने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, कृषि, शिक्षा, स्वच्छता और सुशासन के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। आज मध्यप्रदेश का बजट 3 लाख 14 हजार करोड़ रुपए हो गया है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए से बढ़ कर अब एक लाख 40 हजार रुपए हो गई है। टेक्नॉलाजी का उपयोग करते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

सीएम शिवराज ने कहा कि देश की GDP में मध्यप्रदेश का 4.6 प्रतिशत योगदान है। प्रदेश में 68 हजार करोड़ रूपए के सिंचाई परियोजनाओं के कार्य चल रहे हैं। सीएम राइज स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर बनाया जा रहा है। वेस्ट-टू-वेल्थ की अवधारणा को साकार करते हुए कचरे से बिजली बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी है। जैविक खेती में मध्यप्रदेश नम्बर वन है। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिये प्रदेश में युवा नीति बनाई गई है। सीएम शिवराज ने कहा कि उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक बनाया गया है और अब ओरछा में राम राजा लोक, सलकनपुर में देवी लोक एवं ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य जी का एकात्म धाम बन रहा है।
युवा प्रतिनिधि-मंडल ने प्रदेश की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और अन्य विशेषताओं की सराहना की और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने कार्यकाल के दौरान युवा मोर्चा से जुड़े अनुभव भी सांझा किए। इस अवसर पर युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रोहित चहल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications