नूपुर शर्मा के समर्थन में 'बागी' हुईं साध्वी प्रज्ञा! बोलीं- भारत हिंदुओं का है और सनातन धर्म यहां रहेगा
भोपाल, 10 जून: बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पार्टी से निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में उतर आई हैं। साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कहना है कि अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। इस ट्वीट के बाद भोपाल में मीडिया से बातचीत में साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ''इन अविश्वासियों ने हमेशा ऐसा ही किया है। उनका कम्युनिस्ट इतिहास है... जैसे कमलेश तिवारी ने कुछ कहा वह मारा गया, किसी और (नुपुर शर्मा) ने कुछ कहा तो उन्हें धमकी मिली। भारत हिंदुओं का है और सनातन धर्म यहां रहेगा।''
Recommended Video

'सच कहना अगर बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं'
इससे पहले साध्वी प्रज्ञा ने ट्वीट किया, ''सच कहना अगर बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं। जय सनातन, जय हिंदुत्व।'' इस ट्वीट के बाद साध्वी प्रज्ञा ने नूपुर शर्मा के समर्थन में खुलकर बयान देते हुए कहा कि मुसलमानों को असलियत बताने पर इतनी तकलीफ क्यों होती है? हिंदू महासभा के अध्यक्ष कमलेश तिवारी का जिक्र करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जो कहा उसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।
'मैं बदनाम हूं कि मैं सत्य बोलती हूं, चाहें कुछ भी हो'
साध्वी प्रज्ञा ने आगे कहा, ''मैं शायद इस बात से बदनाम हूं कि मैं सत्य बोलती हूं, चाहे कुछ भी हो। यह भी एक सत्य है कि वहां (ज्ञानवापी) शिव मंदिर था, है और रहेगा। उसको फव्वारा कहना हमारे हिंदू मानदंड, हमारे हिंदू देवी-देवता, सनातन के मूल पर कुठाराघात है, इसलिए हम असलियत बताएंगे।'' साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ''ये हमारे देवी-देवताओं को लेकर फिल्म बनाते हैं, डायरेक्शन करते हैं, प्रोड्यूस करते हैं और गालियां देते हैं। आज से नहीं, इनका पूरा इतिहास है। ये भारत है। ये हिंदुओं का है। यहां सनातन जिंदा रहेगा और सनातन को जिंदा रखना हम लोगों की जिम्मेदारी है और हम इसे निभाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications