Shahdol News: कार्यकर्ता ही BJP की असली पहचान, भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी: राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे
BJP राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे ने शहडोल में कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। आज हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, तो इसके पीछे देव दुर्लभ कार्यकताओं की मेहनत है।
Shahdol News: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी असंतुष्ट और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर प्रदेश में बीजेपी अमृत काल उत्सव मना रही है। इसी क्रम में शहडोल के मानस भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे ने सभा के दौरान कार्यकर्ताओं को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। आज हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है, तो इसके पीछे देव दुर्लभ कार्यकताओं की मेहनत और परिश्रम का फल है। कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी की असली पहचान हैं। पीएम मोदी की सरकार ने अपने 9 सालों के कार्यकाल में आमजन के हित में और गरीब कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं लागू की हैं, अब इन योजनाओं के सुखद परिणाम दिखाई देने लगे हैं।
उज्ववला योजना के अंतर्गत 9 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन
एमपी बीजेपी प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, श्रम कार्ड जैसी अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। देश के 3.5 करोड़ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत पक्के मकान दिए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक घर में स्वच्छ जल पहुंच रहा है। उज्ववला योजना के अंतर्गत 9 करोड़ से अधिक परिवारों को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। पीएम मोदी की सरकार ने आयुष्मान भारत योजना लागू की। इस योजना के अंतर्गत देश के 23.3 करोड़ लोगों को कार्ड जारी किए हैं। इन लोगों को पांच लाख रुपये तक का उपचार मुफ्त मिल रहा है। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से सस्ती दवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में लाड़ली बहना योजना लागू करके महिलाओं के शसक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व काम किया है।

सांसद डॉ भोला सिंह ने कहा कि PM नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के बीते 9 सालों में भारत गरीबों एवं वचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने वाला निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी है। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का भारत है। सभा को जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह ने भी सम्बोधित किया।
इस दौरान कार्यक्रम में महिला वित्त विकास निगम की अध्यक्ष अमिता चपरा, कटनी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं शहडोल जिले के प्रभारी पीतांबर टोपनानी, विधायक जयसिंह मरावी, मनीषा सिंह, पूर्व विधायक प्रमिला सिंह सहित हजारों की संख्या में आमजन, पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुंडे एवं भोला सिंह उमरिया के कार्यक्रमों हुए शामिल
बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह प्रभारी पंकजा मुंडे व सांसद डॉ भोला सिंह ने उमरिया जिले के उमरार सिटी में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान पूर्व सांसद ज्ञान सिंह, प्रदेश मंत्री आशिष दुबे, जिला अध्यक्ष दिलीप पाण्डे, जिला प्रभारी विनोद यादव, विघायक शिवनारायण सिंह सहित जिला पदाधिकारी एवं मोर्चो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताद्वय ने मानपुर के बांधवगढ में वरिष्ठ जनों के साथ परिचर्चा में शामिल होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के सफलतम 9 सालों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।












Click it and Unblock the Notifications