भोपाल में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक संपन्न, निगम मंडलों में नियुक्तियों को लेकर हुई चर्चा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने से पहले संघ मुख्यालय पहुंचे थे। जहां पर सिंधिया ने संघ पदाधिकारियों से मुलाकात भी की थी।

इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों ही दल कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते इसी क्रम में आज भाजपा जहां शिवराज सरकार के मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में फेरबदल करने पर विचार कर रही है वहीं कांग्रेस भी किसानों के मुद्दे को लेकर सड़क पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है। बीजेपी ने मंत्रियों के प्रभाव वाले जिलों में फेरबदल को लेकर आज कोर कमेटी की बैठक आयोजित की। कोर ग्रुप की यह बैठक करीब 3:30 घंटे तक चली। बैठक शाम 6 बजे शुरू हुई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा समेत अन्य नेता समय से पहले निकल गए। इन नेताओं में से किसी ने भी मीडिया से चर्चा नहीं की। सभी नेता मीडिया से बचते नजर आए। संभवत माना जा रहा है कि ये नेता कल सीएम शिवराज के जन्मदिन पर जंबूरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में लगे हैं।
बीजेपी सूत्रों की मानें तो बैठक में मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों और खाली पड़े निगम मंडलों के संबंध में चर्चा हुई। इसके अलावा लाडली बहना योजना और बूथ विस्तारक अभियान पर मंथन किया गया। बैठक में सीएम शिवराज सिंह चौहान भी शामिल रहे। कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भाजपा समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा घाडगे और उनकी टीम के कार्यकर्ताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान सिंधिया ने सभी का आभार व्यक्त किया। बैठक में भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भी शामिल होने पहुंचे। हालांकि सिंधिया ज्यादा देर बैठक में नहीं रुके और 9 बजे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
बता दे शिवराज सरकार में कई मंत्री ऐसे है, जिनके प्रभार वाले जिले उनकी विधानसभा क्षेत्र से काफी दूर है। इस कारण वे समय पर जिलों का दौरा नहीं कर पाते। आगामी समय में चुनाव होने की वजह से ज्यादातर अपने गृह जिले में रहेंगे, इसलिए कोर ग्रुप की बैठक में लंबी दूरी के जिलों के प्रभार वाले मंत्रियों की अदला-बदली पर चर्चा की गई।
इसके अलावा कुछ निगम मंडल में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खाली पदों पर नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की गई। इनकी सूची अभी क्लियर नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि इस पर आगे भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनाव में रणनीति बनाने और बूथ विस्तारक अभियान को लेकर मंथन किया गया। बता दे सीएम शिवराज सिंह चौहान का 23 मार्च को चौथे कार्यकाल के 3 साल पूरे हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications