बकतरा में CM शिवराज बोले, महिलाओं के खाते में हर साल आएंगे ₹12 हजार, 5 मार्च से भरे जाएंगे फार्म
CM शिवराज सिंह चौहान ने आज सीहोर जिले के बकतरा में आयोजित 'विकास पर्व' कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने गृह क्षेत्र सीहोर जिले के बकतरा में आयोजित "विकास पर्व" कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम को देखने के लिए लाखों की संख्या में भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। 'लाडली बहना' योजना के लिए महिलाओं ने सीएम का जमकर स्वागत किया। इस मौके पर सीएम शिवराज ने कहा कि गरीब की बेटी की शादी भी धूमधाम से हो सके, इसके लिए मैने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बनाई। मध्यप्रदेश की प्रत्येक बेटी के विवाह की जिम्मेदारी भाजपा की सरकार की है। बहनों के सशक्तिकरण से ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश सशक्त होगा। इसलिए मैंने लाडली लक्ष्मी बहना योजना बनाई और इस योजना के अंतर्गत बहनों के खाते में हर महीने 1 हजार रुपये यानी साल में 12 हजार रुपये आएंगे। लाडली बहना योजना के फार्म 5 मार्च से भरना शुरू हो जाएंगे।
10 जून से खाते में पहुंचने लगेगी योजना की राशि
सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्च और अप्रैल में फार्म भरे जाएंगे और मई में आवेदनों का परीक्षण कर जून माह की 10 तारीख से योजना की राशि बहनों के खाते में पहुंचने लगेगी। लाड़ली बहना योजना बहनों की जिंदगी बदलने का महा अभियान है। इससे समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। कांग्रेस ने बुजुर्गों की तीर्थ यात्रा बंद करने का पाप किया है। मैंने तीर्थ दर्शन योजना पुन: प्रारंभ कर दी है। अब बुजुर्गों को रेल यात्रा के साथ हवाई यात्रा के माध्यम से भी तीर्थदर्शन करवाऊंगा।
सलकनपुर के लिए बड़ी घोषणा
सीएम ने कहा कि श्रीमहाकाल महालोक की तर्ज पर सलकनपुर में देवी जी महालोक बनाया जाएगा। 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। नर्मदा जी के किनारे घाटों का निर्माण करवाया जाएगा। शिवराज ने कहा कि मैं नेता नहीं, परिवार का सदस्य हूं। आपका सुख-दुःख मेरा, मेरा सुख-दुःख है। हमने द्वार-द्वार जाकर हितग्राहियों को लाभ देने का अभियान चलाया। ताकि जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। बुधनी में मेडिकल कॉलेज बनने वाला है, जल्द ही इसका भी शिलान्यास होगा।
बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग
सीएम शिवराज ने कहा कि विकास और जनता के कल्याण का महायज्ञ चल रहा है। जनता की जिंदगी को सुगम बनाने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। शासकीय नौकरियों में हमारे बच्चे चयनित हों, इसके लिए हम निःशुल्क कोचिंग दे रहे हैं। बेहतर शिक्षा के लिए सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। यहां लैब, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास और प्ले ग्राउंड की व्यवस्था होगी। बच्चों को घर लेने व छोड़ने बस जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications