Bhopal Accident: बेकाबू बस ने ली पुलिस वाले की ली जान, राजभवन के सामने हुई घटना
Bhopal accident: राजधानी भोपाल में थम नहीं रही रफ्तार से होने वाली मौतों का सिलसिला। आज फिर बेकाबू बस ने एक पुलिस वाले की जान ले ली। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में पदस्थ क्लर्क को मंगलवार की सुबह 11:30 बजे मंडीदीप-भोपाल चलने वाली फीडर बस ने रौंद दिया।
हादसा राजभवन के पास हुआ। घायल को राहगीरों ने तत्काल पास में स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया था। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक्सीडेंट के बाद बस ड्राइवर भाग रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घर से ऑफिस के लिए निकले थे
अरेरा हिल्स के टीआई आरके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरेंद्र सिंह (50) मूलत:गढ़वाल के रहने वाले थे और अभी वह भोपाल के 25 वीं बटालियन में स्थित क्वार्टर में रह रहे थे। वे भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा के कार्यालय में बतौर बाबू पदस्थ थे। मंगलवार की सुबह ड्यूटी जाने के लिए घर से निकले थे। मालवीय नगर में स्थित निजी अस्पताल और अरेरा हिल्स थाने के बीच उन्हें मंडीदीप-भोपाल रूट पर चलने वाली कटीयार ट्रैवल्स फीडर बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2382 ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ है।
सुरेंद्र के सिर पर लगा हुआ था हेलमेट
बताया जा रहा है कि घटना के समय सुरेंद्र के सिर पर हेलमेट लगा हुआ था। बस का पहिया उनकी कमर पर से गुजरा था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल सुरेंद्र को प्रायवेट हॉस्पिटल पहुंचाया था। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद में सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय बस में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे। बस जवाहर चौक बस स्टेंड से मंडीदीप जाने के लिए रवाना हुई थी। घटना के बाद में आरोपी चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार होने का प्रयास कर रहा था। तभी लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सुरेंद्र की कोई नहीं थी संतान
टीआई आरके सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट में जान गवाने वाले पुलिस कर्मी सुरेंद्र की कोई संतान नहीं थी। उनकी पत्नी हाउस वाइफ हैं और सुरेंद्र को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। हादसे के समय उनके सिर पर हेलमेट लगा था, लिहाजा सिर में किसी प्रकार की चोट नहीं आई थी। प्रारंभिक तौर पर डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि शरीर में हुई इंटरनल ब्लीडिंग के कारण उनकी मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications