Bhopal News: रविवार को DIG बंगले से निकलेगी विशाल भगवा यात्रा, हजारों मोटरसाइकिल सवार रहेंगे मौजूद
मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ दुर्गेश केसवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपाल में रविवार को विशाल भगवा यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 5000 से ज्यादा मोटरसाइकिल सवारों ने रजिस्ट्रेशन किया है।

Bhopal News: राजधानी भोपाल में हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में जागृत हिंदू मंच और सकल हिंदू समाज के संयुक्त तत्वावधान में पहली भगवा यात्रा रविवार को शाम चार बजे DIG बंगले से निकाली जाएगी। इस यात्रा को सफल बनाने के लिए मंच द्वारा लगभग दो माह से शहर में एक दर्जन से ज्यादा बैठकें की जा चुकी हैं। मंच के मार्गदर्शक डाॅ दुर्गेश केसवानी ने बताया कि इस धर्म जागरण यात्रा में भाग लेकर लोग धूमधाम से नववर्ष का स्वागत करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं-बहनें भी उपस्थित रहेंगी। इस अवसर पर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और यातायात के नियमों का पालन करने की भी सीख दी जाएगी। यात्रा के लिए अब तक 5 हजार से ज्यादा मोटसाइकिल सवारों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। यात्रा को विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व सांसद आलोक संजर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और राम मंदिर खटलापुरा में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा में पूरे शहर से धर्म प्रेमियों की 20 से ज्यादा टोलियां शामिल होंगी।
यह रहेगा रूट
यात्रा DIG बंगले से शुरू होकर काजीकैंप, सिंधी कालोनी चौराहा, भाेपाल टॉकीज चौराहा, लक्ष्मी टॉकीज, सिंधी मार्केट होते हुए पीरगेट पहुंचेगी। इसके बाद इकबाल मैदान, कमला पार्क, पॉलीटेक्निक चौराहा होते हुए रोशनपुरा पहुंचेगी। यहां से यात्रा राज भवन चौराहा, पुलिस कंट्राले रूम तिराहा होते हुए खटलापुरा मंदिर पहुंचेगी। यहां पर मंच द्वारा महाआरती का आयोजन किया गया। केसवानी ने बताया कि यात्रा का जगह-जगह पर धर्म प्रेमी बंधुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा।
सभी को बांटे जाएंगे उपहार
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डाॅ दुर्गेश केसवानी ने बताया कि मंच द्वारा इस अवसर पर धर्म प्रेमी बंधुओं के लिए लकी ड्रा का भी आयोजन किया गया है। जिसमें पहला पुरस्कार मोटरसाइकिल, दूसरा पुरस्कार रेफ्रिजरेटर, तीसरा टीवी, चौथा पुरस्कार वाशिंग मशीन, पांचवा ओवन और पांच लोगों को मोबाइल फोन मिलेंगे। इसके अलावा यात्रा में रजिस्ट्रेशन कराने वाली हर मोटरसाइकिल को एक निश्चित उपहार भी दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications