कुबेरेश्वरधाम में कुंभ की तर्ज पर इंतजाम, 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु, भोपाल-इंदौर रोड 24 घंटे रहेगा डायवर्ट
Kubereshwardham news: सीहोर के चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर और कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में 7 से 13 मार्च तक भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा का आयोजन हो रहा है। यह महोत्सव पंडित प्रदीप मिश्रा के संचालन में हो रहा है।
कुबेरेश्वरधाम में कुंभ की तर्ज पर इंतजाम किया गया है। इस अवसर पर 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद हैं। धाम में घरों को धर्मशाला बनाया गया है ताकि यात्री आराम से ठहर सकें। भोपाल-इंदौर रोड 24 घंटे रहेगा डायवर्ट ताकि यात्रा में कोई अधिक असुविधा न हो।

इसमें शामिल होने के लिए देशभर से भक्त मौजूद हैं। अधिकांश श्रद्धालु बिहार और महाराष्ट्र से आए हैं। साढ़े 4 लाख स्क्वायर फीट क्षेत्र में लगे 5 डोम बुधवार रात्रि में ही भर गए। दो से तीन लाख से अधिक भक्तों के सीहोर आने से यहां के सभी होटल, गेस्ट हाउस, और धर्मशालाएं भर गए हैं। धाम के आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग श्रद्धालुओं को किराए पर कमरा दे रहे हैं।

भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे के पास होने के कारण सबसे अधिक ट्रैफिक जाम होता है। हालांकि, इस बार दावा किया जा रहा है कि पूरी व्यवस्थाएं कुंभ की तर्ज पर की गई हैं, इसलिए कोई अधिक दिक्कत नहीं होगी। वहीं, पुलिस-प्रशासन ने 7 दिन के लिए पूरे ट्रैफिक रूट को डायवर्ट कर दिया है।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि रुद्राक्ष महोत्सव कई वर्षों से लगातार हो रहा है। "हमारे क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है, और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण हम विश्वभर में प्रसिद्ध हो गए हैं। कुबेरेश्वर धाम पर हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने से रोजगार के कई अवसर भी मिले हैं। हमारे क्षेत्रवासी यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं, इसलिए हम सभी के सहयोग से इस तरह के भव्य आयोजन करते आ रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए इस बार शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्र में समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। "शहर में समिति के द्वारा चार स्थानों पर श्रद्धालुओं के निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। धाम पर आधुनिक रसोई घर का उद्घाटन हो चुका है। मात्र आधा घंटे के अंदर 70 हजार से अधिक लोगों के लिए खाना बनाने वाली मशीनें हैं। एक हजार से अधिक सेवादारों को भोजन और पेयजल आदि की व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। धाम आने वाले भक्तों से जरूरी दवाएं, पानी, ओढ़ने-बिछाने का सामान साथ में रखने की अपील की गई है। वहीं, कीमती सामान, जेवर आदि पहनकर नहीं आने की अपील की गई है।"












Click it and Unblock the Notifications