Morena News: अंबाह में किन्नर के घर 30 लाख की डकैती, हथियारबंद बदमाशों ने की अश्लील हरकतें, धमकी भी दी
Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात एक किन्नर के घर हुई सनसनीखेज डकैती ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम देते हुए न सिर्फ लाखों की लूट की, बल्कि घर में मौजूद किन्नरों के साथ अमानवीय और आपत्तिजनक हरकतें भी कीं। पीड़ित किन्नर का आरोप है कि बदमाश जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर गए और पुलिस में शिकायत करने पर गोली मारने की चेतावनी दी।

सीढ़ी से छत पर चढ़े, गैस कटर से काटा दरवाजा
डकैती अंबाह में रहने वाली किन्नर गुरु राबिया के घर हुई है। राबिया के मुताबिक शनिवार रात करीब 2 बजे 8 से 10 हथियारबंद बदमाश घर में घुसे। उस समय राबिया के साथ उनके तीन किन्नर चेले भी घर में मौजूद थे और सभी गहरी नींद में सो रहे थे। बदमाश सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और गैस कटर से छत का दरवाजा काट दिया। इसके बाद वे दूसरी मंजिल से होते हुए सीधे ग्राउंड फ्लोर तक पहुंचे।
कट्टे की नोक पर चेलों को जगाया, बांध दिया
ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचते ही बदमाशों ने तीनों किन्नर चेलों पर कट्टा अड़ा दिया और उन्हें जबरन जगा दिया। इसके बाद सभी के हाथ-पैर बांध दिए गए। बदमाशों ने किन्नर राधिका को धमकाते हुए गुरु राबिया का कमरा खुलवाया। कमरे में दाखिल होते ही डकैतों ने अलमारियां और संदूक खंगालना शुरू कर दिया।
22 तोला सोना, 4 किलो चांदी और 4 लाख कैश लूटे
डकैतों ने घर में रखे करीब 22 तोला सोने के जेवर, लगभग 4 किलो चांदी और करीब 4 लाख रुपये नकद लूट लिए। यही नहीं, किन्नरों ने जो गहने पहन रखे थे, बदमाशों ने वे भी उतरवा लिए। इसके बाद घर में रखे मोबाइल फोन और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पीड़ितों के अनुसार कुल मिलाकर करीब 30 लाख रुपये की डकैती हुई है।
अश्लील हरकतें, मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप
किन्नर राबिया ने आरोप लगाया कि लूटपाट के बाद बदमाशों ने एक-एक कर सभी चेलों को अलग-अलग कमरों में ले जाकर कपड़े उतरवाए और उनके साथ अश्लील हरकतें कीं। इस दौरान बदमाश लगातार यह पूछते रहे कि घर में कोई पुरुष रहता है या नहीं। इस घटना से सभी किन्नर बुरी तरह सहम गए हैं और मानसिक आघात में हैं।
फारसी भाषा बोल रहा था एक बदमाश
इस पूरे घटनाक्रम में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। राबिया के मुताबिक बदमाशों में से एक व्यक्ति फारसी भाषा में बात कर रहा था। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात के पीछे किसी परिचित या किन्नर समाज से जुड़े व्यक्ति का भी हाथ हो सकता है, जिसे घर की पूरी जानकारी पहले से थी।
जान से मारने की धमकी देकर गए बदमाश
डकैती के दौरान बदमाशों ने किन्नरों को जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और यदि पुलिस में शिकायत की गई, तो जब वे बधाई मांगने या अन्य काम से बाहर निकलेंगे, तब गोली मार दी जाएगी। वारदात के बाद बदमाशों ने घर से कुछ दूरी पर जाकर लूटे गए मोबाइल फोन मिट्टी में गाड़ दिए, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे।
सुबह 4 बजे पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद किसी तरह खुद को संभालते हुए किन्नर राबिया ने सुबह करीब 4 बजे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें भी बनाई गई हैं।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस वारदात के बाद अंबाह क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी डकैती से साफ है कि बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। किन्नर समाज ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज डकैती और अमानवीय कृत्य के आरोपों का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है।












Click it and Unblock the Notifications