ACP सचिन अतुलकर ने दी चेतावनी, बाइक में अगर मॉडिफाई साइलेंसर लगाया तो खैर नहीं
भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ACP सचिन अतुलकर ने बताया कि मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। एक विशेष अभियान के तहत इस तरह कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
भोपाल,10 मई। महंगी बाइक को मॉडिफाइड करा कर उन्हें शहरों के रास्तों पर घुमाना एक अलग ही शौक आजकल के युवाओं में नजर आता है, लेकिन यह शौक अब राजधानी भोपाल में युवकों पर भारी पड़ रहा है। क्योंकि ऐसी बाइक्स को लेकर अब पुलिस कार्रवाई कर रही है। महंगी बाइक्स में तेज आवाज के साइलेंसर लगाकर घूमने वाले 250 से ज्यादा लोगों पर भोपाल पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि ये नियमों के विरुद्ध है और इसमें आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Recommended Video

मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर हल्ला मचाने वाले बाइकर को पकड़कर वाहन किए जब्त
पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद शहर में पहली बार यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू की गई है। इसके तहत मोटरसाइकिल में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर हल्ला मचाने वाले बाइकर को पकड़कर वाहन जप्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक प्रत्येक वाहन का ₹6000 तक का जुर्माना किया है। इसी प्रकार शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी न्यूनतम ₹10000 तक का जुर्माना किया गया है। जिला न्यायालय में आयोजित नेशनल लोक अदालत में यातायात पुलिस ने 88 व्यक्तियों के खिलाफ 621 चालान के प्रकरण प्रस्तुत किए हैं। ये व्यक्ति बार-बार सामान्य ट्रैफिक के नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। न्यायालय ने अलग-अलग प्रकरणों में कुल 1 लाख 58 हजार का जुर्माना शुल्क जमा करवाया है।
पुलिस के मुताबिक मॉडिफाई साइलेंसर बाइकों का चालान 6 हजार रुपये के करीब किया जा रहा है। अब तक इस कार्रवाई में 17 लाख रुपए से ज्यादा की चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।

एसीपी सचिन अतुलकर ने दी जानकारी
एसीपी सचिन अतुलकर ने बताया कि शहर में बढ़ते प्रदूषण को मद्देनजर रखते हुए मॉडिफाई साइलेंसर बाइक चालकों खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ACP अतुलकर ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन में कोई भी संशोधन बिना अनुमति के नहीं किया जा सकता है। अब तक 250 से ज्यादा ऐसी बाइकों को जब्त किया गया है। कुछ लोगों ने चालान भरकर बाइक को छुड़वा लिया है। कुछ बाइकों पर चालान के माध्यम से भी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, डीसीपी ट्रैफिक हंसराज ने बताया कि नेशनल लोक अदालत के लिए 3 हजार व्यक्तियों को ई चालान की राशि जमा करने के नोटिस भेजे गए थे। जो लोग नहीं आए उन्हें 14 मई तक सभी नोटिस का जवाब देना एवं जुर्माना राशि जमा करना अनिवार्य है। अन्यथा पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

ऑनलाइन के जरिए भी भर सकते हैं जुर्माना
जिन वाहन मालिकों को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे echallan.mponline.gov.in पर जाकर ऑनलाइन जुर्माना जमा कर सकते हैं। इस विशेष अभियान के तहत मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर गाड़ी चलाने के ढाई सौ से ज्यादा एवं शराब पीकर गाड़ी चलाने के 53 मामले सामने आए हैं।

99 फीसदी जी मामले युवाओं से जुड़े
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार पुलिस की कार्रवाई में 99 फीसदी मामलों में युवाओं द्वारा ट्रैफिक नियम तोड़ने की पुष्टि हुई है। मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर बुलेट सड़क पर दौड़ाने वाले युवाओं को पकड़ने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है। 30 अप्रैल से ये कार्रवाई लगातार जारी है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर शराब पीकर बाइक चलाने वाले लोगों की भी धरपकड़ भी जारी है।
यह भी पढ़ें- क्राइम ब्रांच पुलिस ने अवैध हथियारों का जखीरा किया बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications