आमिर ने धर्मेंद्र बनकर OLX पर चोरी की कार बेची,क्राइम ब्रांच ने इंदौर से आरोपी को गिरफ्तार कर किया बड़ा खुलासा
Bhopal News: भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पुलिस ने इंदौर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर OLX की मदद से चोरी की कार बेचने वाले शातिर चोरों को धर दबोचा है। वहीं आरोपियों में से एक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कार बरामद की है, जिसकी कीमत 6 लाख 51 हजार रुपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी ने मास्टर की (चाबी) की मदद से कार को चोरी किया था और फिर इंदौर ले जाकर बेच दी थी। बता दे होंडा वरना कार को 6 महीने पहले गौतम नगर इलाके से चोरी किया गया था।

कैसे पकड़ाए OLX पर चोरी की कार बेचने वाले
क्राइम ब्रांच की टीम चोरी हुई कार की तलाश में जुटी थी। इसी बीच चार दिन पहले इंदौर के ऑटो डीलर हसन आजम ने चोरी की वरना कार को बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन अपलोड कर दिया। विज्ञापन की सूचना पुलिस तक पहुंची, क्राइम ब्रांच ने उस नंबर को ट्रेस किया जिससे विज्ञापन अपलोड किया गया था। ये मोबाइल नंबर इंदौर में इस्तेमाल किया जा रहा था।
नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस इंदौर के खजराना तक पहुंची। जहां से हसन आजम को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि दानिश खान नाम का युवक इंदौर का ही रहने वाला है। उसी ने कार को बेचने के लिए दिया था। पुलिस ने हसन की निशानदेही पर दानिश को गिरफ्तार किया। उसने कार को चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसी ने जानकारी दी कि हसन OLX के माध्यम से कार को 6.51 लाख रुपए में बेच चुका थाा। उसे पूरी जानकारी थी कि कार चोरी की है।
आमिर ने धर्मेंद्र बनकर लगाया था चूना
आरोपियों ने चार दिन पहले ही कार का शांतनु नाम के युवक को बेचा था। कार में असली आरसी कार्ड और अन्य दस्तावेज पहले ही रखे थे। कार गौतम नगर भोपाल के रहने वाले धर्मेंद्र की थी। लिहाजा आमिर ने आधार कार्ड को एडिट कर अपना फोटो धर्मेंद्र के स्थान पर लगाया। स्वयं को धर्मेंद्र बताकर शांतनु को एग्रीमेंट कर चोरी की कार को सौंप दिया। आरोपी आमिर फरार है। उसी के पास कार को बेचकर हासिल की रकम है। रकम के बंटवारे से पहले ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे।












Click it and Unblock the Notifications