घर में आग की लपटों से घिरे दो वर्षीय बेटे को बचाने के लिए मां ने लगाई जान की बाजी, सीढ़ियों पर मिला कंकाल
बरेली, 5 नवंबर: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में दिवाली की शाम एक टेंट व्यवसाई के घर और गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की दो दर्जन गाड़ियों ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में झुलस कर टेंट व्यवसाई की पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। महिला का कंकाल घर की सीढ़ियों पर मिला। दिवाली पर हुई इस दर्दनाक घटना से इलाके में मातम पसर गया।

2 साल का मासूम घर के अंदर ही फंस गया
हादसा किला थाना क्षेत्र के कटरा मानराय (बड़ा बाजार) का है। एसपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि पंकज अरोड़ा का घर गोदाम के ऊपर ही है। गुरुवार की रात दिवाली की धूम के बीच करीब साढ़े आठ बजे पंकज अरोड़ा के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे घर और गोदाम में फैल गई। एसपी सिटी के मुताबिक, आग की लपटों से घिरे पंकज अरोड़ा, उनकी पत्नी अलका और आठ वर्षीय बेटी किसी तरह भागकर बाहर आ गए, जबकि 2 वर्ष का बेटा अंदर ही फंस गया।
बेटे को बचाने गई मां आग की लपटों में घिरी, सीढ़ियों पर मिला कंकाल
अलका अपने मासूम बेटे को बचाने के लिए आग की लपटों में घुस गई और अंदर ही फंस गई। हालांकि, मासूम बेटे को पड़ोसियों ने छत के रास्ते चढ़कर बचा लिया। आग बुझने के बाद अलका का कंकाल घर की सीढ़ियों पर मिला। पुलिस अधीक्षक (नगर) रवींद्र कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। महिला के अवशेष पोस्टमार्टम लिए भेज दिए गए हैं। उधर, लखनऊ के इंदिरा नगर में एक कांपलेक्स के बेसमेंट की दो दुकानों में देर रात आग लग गई। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। सीएफओ वीके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications