रिटायर्ड दरोगा की दबंगई से परेशान कारोबारी, जहर खाकर पहुंचा एसएसपी ऑफिस, मौत
बरेली। रिटायर्ड दरोगा और उसके सूदखोर भाई से परेशान होकर कारोबारी ने जहरीला पदार्थ खा लिया और शिकायत करने एसएसपी ऑफिस पहुंच गया। मामले की जानकारी पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो कारोबारी के पास जहरीली गोलियां मिलीं। इलाज के लिए फर्नीचर कारोबारी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। कारोबारी के पास से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने रिटायर्ड दरोगा और उसके सूदखोर भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है पूरा मामला
सुभाषनगर की बीडीए कॉलोनी के रहने वाले हरि प्रसाद मीना बुधवार दोपहर एसएसपी ऑफिस पहुंचे और बताया कि रिटायर्ड दरोगा अशोक कुमार सक्सेना और उसका भाई राजीव सक्सेना उसको उधार के रुपए के लिए परेशान कर रहे हैं, इसलिए वो आत्महत्या कर लेगा। पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिस पर उसके पास जहरीले पदार्थ के दो पैकेट और सुसाइड नोट बरामद हुआ। एसपी ग्रामीण ने कारोबारी को सुभाषनगर पुलिस के हवाले कर दिया। थाने ले जाते समय रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।

काफी दिनों से परेशान था कारोबारी
फर्नीचर कारोबारी से बरामद सुसाइड नोट में लिखा था कि उसने 2 साल पहले फर्नीचर की दुकान के लिए 1.50 लाख रुपए अशोक कुमार रिटायर्ड दरोगा और राजीव सक्सेना निवासी बीडीए कालोनी से बतौर उधार ब्याज पर लिया था। 4 लाख रुपए ब्याज देने के बाद भी राजीव सक्सेना और अशोक कुमार ने उसका मकान जबरदस्ती अपने नाम लिखवा लिया गया है। उसके बाद भी ये लोग उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और वह अपना संतुलन खो बैठा है। वह सुसाइड कर सकता है और सुसाइड करने के बाद राजीव व अशोक के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर दंडित किया जाए।

दोनों आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी शैलेश कुमार पांडे ने बताया कि इस मामले में सुभाषनगर थाने में रिटायर्ड दरोगा अशोक कुमार और राजीव सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications