Bareilly: अतीक के भाई अशरफ के गुर्गे Lalla Gaddi ने बीच चौराहे किया सरेंडर, सता रहा था एनकाउंटर का डर
Bareilly News: उमेश पाल हत्याकांड के मामले में पुलिस ने अशरफ के गुर्गे लल्ला गद्दी को गिरफ्तार कर लिया है। लल्ला गद्दी का नाम अतीक के भाई अशरफ के साले सद्दाम के साथ सामने आया है।

Bareilly News: उमेश पाल हत्याकांड से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। उमेश पाल मर्डर केस के मुख्य साजिशकर्ताओं में शुमार अतीक के भाई अशरफ के गुर्गे लल्ला गद्दी (Lalla Gaddi) पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि लल्ला गद्दी ने सोमवार देर रात खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। उसके सरेंडर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बता दें, एसओजी की टीम उसे 20 मार्च की देर रात सैटेलाइट चौराहे पर गाड़ी में ले जाती नजर आई है।
हालांकि, लल्ला गद्दी के सरेंडर किए जाने की बात से एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इनकार किया है। उमेश पाल की हत्या की साजिश रचने में बरेली जेल में बंद अतीक के भाई अशरफ का नाम भी सामने आया था। अशरफ का नाम सामने आने के बाद से पुलिस लल्ला गद्दी की तलाश कर रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लल्ला गद्दी उमेश पाल हत्याकांड की साजिश रचने वालों की मुलाकात अशरफ से कराने में मदद करता था। लल्ला गद्दी का नाम का नाम अतीक के भाई अशरफ के साले सद्दाम के साथ भी सामने आया है।
आरोप है कि सद्दाम के साथ मिलकर लल्ला, अशरफ को गैरकानूनी मदद करता था। इसी मामले में वह बिथरी चैनपुर व बारादरी थाने में वांछित था। खबर के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही लल्ला गद्दी फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए लल्ला ने कोर्ट में सरेंडर की अर्जी लगाई थी, लेकिन बिथरी थाना पुलिस ने कोर्ट में रिपोर्ट नहीं भेजी। जिसके चलते उसकी अर्जी पर सुनवाई नहीं हो पाई थी। उसकी सरेंडर एप्लीकेशन पर अगली सुनवाई के लिए कोर्ट ने 21 मार्च की तारीख तय की थी।
मंगलवार को सुनवाई होती कि इससे पहले ही उसने सोमवार रात को बीच चौराहे पर सरेंडर कर दिया। ऐसी चर्चा है कि लल्ला गद्दी को एनकाउंडर का डर सता रहा था। इसी के चलते उसने सरेंडर कर दिया। लल्ला गद्दी द्वारा सरेंडर का किसी शख्स ने 6 सेकंड का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। लल्ला गद्दी के गिरफ्त में आने पर जांच एजेंसिया उससे पूछताछ में जुट गई है। पुलिस को उम्मीद है कि सद्दाम और अशरफ के बहुत से राज इससे खुलेंगे।
Recommended Video

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अतीक के बेटे असद और शूटरों समेत नौ लोगों ने 11 फरवरी को अशरफ से जिला जेल में मुलाकात कर उमेश पाल की हत्या की योजना बनाई थी। सीसीटीवी फुटेज से फिलहाल चार लोगों की पहचान एसआईटी ने कर ली है। उमेश पाल की हत्या की योजना साबरमती जेल गुजरात और बरेली की जिला जेल में बनाई गई थी। बता दें, जेल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर एसआईटी उन लोगों को चिह्नित करने में जुटी है, जो अशरफ से मिलने आते थे।












Click it and Unblock the Notifications