बरेलीः मुंह में कपड़ा ठूंस कर छात्रा से किया गैंगरेप फिर हिमाचल में 50 हजार में बेचा
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दो युवकों ने एक छात्रा का अपहरण कर उसका रेप किया। इसके बाद छात्रा को हिमाचल प्रदेश ले जाकर 50 हजार रुपये में बेच दिया। हालांकि पीड़िता किसी तरह उनके चंगुल से निकल कर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत की। परिजनों द्वारा शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।

पहले किया गैंगरेप फिर बेचा
यह पूरा मामला बरेली जिले के भमोरा थाना क्षेत्र का है, जहां आंठवीं में पढ़ने वाली 16 साल की छात्रा से बीते 15 दिसंबर को ईट भट्टे के पास से दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसके साथ गैंगरेप किया। गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़िता को आरोपियों ने हिमाचल प्रदेश में 50 हजार रुपये में बेच दिया।

ट्रेन में महिला ने की मदद
करीब चार दिन तक छात्रा आरोपियों के चंगुल में रही और मौका मिलते ही वो किसी तरह से भाग गई और ट्रेन में सवार हो गई। इस दौरान छात्रा को एक महिला मिली, जिससे उसने अपनी आपबीती सुनाई। महिला ने छात्रा की मदद की और चंदौसी रेलवे स्टेशन पर छात्रा को जीआरपी के हवाले कर दिया। इसके बाद जीआरपी ने छात्रा के परिजनों को फोन कर सूचना दी।

पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना पाकर परिजन चंदौसी पहुंचे और वहां से किशोरी को लेकर बरेली के भमोरा थाने गए। पीड़िता की तहरीर पर भमोरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इस पूरे मामले में एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है। वहीं पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications