बाराबंकी में बिना टोल दिए निकली प्रियंका के काफिले की 70 गाड़ियां, टोलकर्मी बोला- 10 हजार रुपए का हुआ नुकसान
बाराबंकी, 7 अक्टूबर: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले की गाड़ियां बाराबंकी में शहावपुर टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए ही निकल गईं। इससे टोल प्लाजा को करीब 10 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। टोल प्लाजा कर्मचारी अमित सिंह 'एएनआई' को बताया कि काफिले की 70 से ज्यादा गाड़ियां टोल से गुजरी। जो पुलिसकर्मी खड़े थे उन्होंने गाड़ियों को फ्री करवाया, जिससे 9-10 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।

बता दें, प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को सड़क मार्ग से बाराबंकी होते हुए बहराइच जा रही थीं। प्रियंका के साथ करीब 70 गाड़ियों का काफिला था। बाराबंकी में मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहवपुर टोल प्लाजा पड़ता है, जहां से प्रियंका गांधी के काफिले की गाड़ियां बिना टोल चुकाए फर्राटा भरते हुए बहराइच के लिए निकल गईं।
10 हजार रुपए का हुआ नुकसान
प्रियंका गांधी के काफिले के 70 गाड़ियों के टोल टैक्स न देने पर टोलकर्मी अमित सिंह ने बताया इससे एनएचएआई को करीब 10 हजार का नुकसान हुआ है, जबकि प्रियंका गांधी के काफिले की सभी गाड़ियों को यहां से टोल टैक्स देकर ही गुजारना चाहिए था।
लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसान के परिजनों से मिलने गई थीं प्रियंका गांधी
बता दें, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने के लिए बहराइच पहुंची थीं। प्रशासन ने तीन लोगों को किसानों के परिजनों से मिलने की अनुमति दी, जिसके बाद प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेता पीएल पुनिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पीड़ित परिवार से मिले। वहीं, अन्य कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया, जिससे घाघराघाट पर जाम लग गया। इधर, इस मामले पर राज्यपाल को ज्ञापन देने पहुंचे लखनऊ राजभवन में कांग्रेसियों को रोक लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता राजभवन के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें राजभवन बुला लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications