Bengaluru Cafe Blast: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कर्नाटक सरकार को घेरा, NIA जांच की मांग
Bengaluru Rameshwaram Cafe Blast: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के फेमस रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार (01 मार्च ) को बम धमाका हुआ, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए। अब इस पूरे मामले पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने राज्य सरकार को घेरते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जांच की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री ने बम विस्फोट की कड़ी निंदा की। साथ ही कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार ने विधान सौध में पाकिस्तान समर्थक नारेबाजी की घटना को पहले ही गंभीरता से लिया होता तो विस्फोट की घटना टल सकती थी।

केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा, "अगर विधानसभा की घटना को कांग्रेस सरकार गंभीरता से लेती तो ये आज घटना नहीं घटी होती। कट्टरपंथी को कांग्रेस द्वारा समर्थन मिल रहा है इसलिए ये सब चीजें हो रही हैं।"
उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि जब तुष्टिकरण की राजनीति ज्यादा होती है, तो कट्टरपंथ में वृद्धि होती है, जो आतंकवाद में परिवर्तित हो जाता है।
एनआईए जांच की मांग
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हम इस विस्फोट की कड़ी निंदा करते हैं। एनआईए को इसकी जांच करनी चाहिए और राज्य सरकार को इसकी सिफारिश करनी चाहिए। जो लोग कट्टरपंथी हैं, उन्हें कांग्रेस द्वारा प्रोत्साहित और समर्थित किया जाता है, यही वजह है कि ये घटनाएं हो रही हैं।"
जोशी ने आगे कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति करने की कोशिश कर रही है, जो सही नहीं है और राज्य की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
Recommended Video
घटना स्थल का किया दौरा
इस बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी की एक टीम ने व्हाइटफील्ड इलाके में विस्फोट स्थल का दौरा किया। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर, डीजीपी आलोक मोहन के साथ, निरीक्षण के लिए बेंगलुरु विस्फोट स्थल का दौरा भी किया।
जांच के लिए 7-8 टीमें बनाई
इससे पहले कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि रामेश्वरम कैफे विस्फोट की सभी एंगल से जांच की जा रही है, उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए 7-8 टीमें बनाई गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications