'40% कमीशन सरकार' अभियान में कांग्रेस ने लगाई अभिनेता की फोटो, एक्टर ने दी कानूनी कार्रवाई की धमकी
बेंगलुरु, 23 सितंबर। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ एक अभियान की शुरुआत की है, जिसका नाम PayCM है। राज्य की राजधानी बेंगलुरु की दीवारों पर सीएम बोम्मई के पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर्स में QR कोड भी बना है, जिसे स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है। वेबसाइट का नाम '40% Commission Government' है। इस वेबसाइट पर लोग सरकार के खिलाफ शिकायत करने के अलावा अपनी समस्याओं को भी बता सकते हैं। लेकिन अब इस अभियान में नया मोड़ आ गया है।

दरअसल, कर्नाटक के अभिनेता अखिल अय्यर ने कर्नाटक कांग्रेस के 'PayCM पोस्टर' के लिए कई जगहों पर अपने तस्वीर के साथ पोस्टर लगाए जाने का आरोप लगाया है। अखिल के मुताबिक कांग्रेस की तरफ से कुछ पोस्टर्स पर उनकी तस्वीर को बिना उनकी मर्जी के उपयोग किया गया। इसको लेकर अभिनेता अखिल ने एक ट्वीट भी किया है। अभिनेता की तरफ से किए गए ट्वीट में उनकी फोटो लगी है। साथ ही लिखा गया है कि "क्या आप अभी भी सुन्न हैं?", "40% सरकार की लोलुपता ने 54,000 से अधिक युवाओं के करियर को लूट लिया है"। इसके अलावा पोस्टर के जरिए लोगों से भाजपा सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज भी उठाने की बात कही गई है।
अभिनेता ने मामले में राहुल गांधी को भी किया टैग
इस पूरे मामले को लेकर अभिनेता अखिल ने एक और ट्वीट किया है। इस ट्वीट में उन्होंने राहुल गांधी और सिद्धारमैया को टैग किया और उनसे मामले को देखने का आग्रह किया। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अभी कांग्रेस की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है और न ही राहुल गांधी की तरफ से कोई रिप्लाई किया गया है।
इसलिए अभियान चला रही है कांग्रेस
'40% Commission Government' अभियान के जरिए कांग्रेस, भाजपा सरकार पर भ्रष्टचार के आरोप लगा रही है। कांग्रेस का कहना है कि राज्य में भाजपा सरकार को किसी भी काम या सरकारी टेंडर के लिए 40 प्रतिशत का कमीशन देना पड़ता है। साथ ही कांग्रेस ने राज्य सरकार पर ठेके देने और सरकारी नौकरियों में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
ये भी पढ़ें- कर्नाटक हिजाब विवाद केस पर सुप्रीम कोर्ट में पूरी हुई सुनवाई, सुरक्षित रखा गया फैसला












Click it and Unblock the Notifications