बेंगलुरु में हनुमान बनाम अजान विवाद से बैकफुट पर आई कांग्रेस, क्या BJP को मिलेगा चुनावी लाभ?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बीते रविवार अजान के वक्त दुकान में तेज आवाज में हनुमान चलीसा बजाने पर कुछ लोगों ने दुकानदार की पिटाई कर दी थी। इस घटना के बाद से राजधी बेंगलुरु में हिन्दू-मुस्लिम विवाद तेज हो गया है।
इस घटना को लेकर कर्नाटक में बीजेपी और हिंदूवादी संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी ने कांग्रेस की सरकार को घेर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है।

फिलहाल बीजेपी इस पूरे मामले को बजरंगबली के अपमान से जोड़ रही है तो वहीं कांग्रेस ने बीजेपी पर ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया है। आपको पता ही होगा कि लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। ऐसे चुनावी माहौल में बेंगलुरु में हनुमान चालीसा बनाम अजान विवाद तेज हो गया है।
ये मामला 17 मार्च की शाम का है। बेंगलुरु के जुमा मस्जिद रोड पर स्थित मोबाइल दुकान के मालिक की कुछ युवकों ने बेरहमी से पिटाई की। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी वायरल है। इसमें देखा जा सकता है कि दुकानदार और दुकान के बाहर खड़े कुछ लड़कों के बीच कहासुनी हो गई है। इसी बीच हाथापाई शुरू हो जाती है।
पीड़ित दुकानदार का नाम मुकेश है, जिसका फिलहाल विक्टोरिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुकेश ने बताया कि वो अपनी दुकान में हनुमान चालीसा बजा रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रहे लड़कों ने इसे बंद कराने की कोशिश की। उनका कहना था कि नमाज के वक्त ये नहीं बजना चाहिए।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि इन लड़कों का कहना था कि अभी हमारा अजान का समय हो गया है, अभी गाना मत बजाओ, अगर बजाओगे तो हम तुम्हें पीटेंगे। उन्होंने मुझे पीटा और धमकी भी दी कि वे मुझे चाकू मार देंगे।
घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही बीजेपी ने पूरे मुद्दे को लपक लिया। बीजेपी और हिंदूवादी संगठन के लोगों ने मंगलवार (19 मार्च) को सड़कों पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बीजेपी के इस प्रदर्शन में सांसद तेजस्वी सूर्या भी शामिल हुए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए हल्का बल भी प्रयोग किया और तेजस्वी को हिरासत में ले लिया।
Recommended Video
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने इस मामले में फर्जी FIR दर्ज की है। पार्टी ने पूछा कि 12 से 15 घंटे बीत जाने के बाद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। बीजेपी सांसद शोभा करंदजाले ने कहा कि पुलिस ने फर्जी FIR दर्ज की है और कुछ ऐसे लोगों के नाम भी दर्ज किए हैं जो शायद इस अपराध में शामिल नहीं हैं।
बीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए उस इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हमलावरों पर हत्या की कोशिश, जानलेवा धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कुल मिलाकर कर्नाटक में एक फिर हनुमान बनाम अजान विवाद में बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने हैं।












Click it and Unblock the Notifications