BJP Manifesto: कर्नाटक चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र जारी, जानिए क्या क्या बड़े ऐलान हैं
BJP manifesto 2023 karnataka election: कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस की 5 गारंटियों के बाद आज भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें कई बड़े ऐलान किए गए हैं।

BJP manifesto for karnataka election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और मौजूदा सीएम बसवराज बोम्मई की मौजूदगी में ये घोषणा पत्र जारी किया।
आपको बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पहले ही अपने पांच बड़े चुनावी वादों का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में हर किसी की निगाहें भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र पर टिकी थीं।
घोषणा पत्र के पिटारे से क्या क्या निकला?
भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र को 'प्रजा ध्वनि' नाम दिया है। घोषणा पत्र जारी करते हुए जेपी नड्डा ने कहा, 'हमारी सरकार का फोकस किसानों पर रहेगा और घोषणा पत्र में हमने कृषि योजनाओं पर ही जोर दिया है। सबका साथ-सबका विकास में ही हमारा भरोसा है।' आइए जानते हैं कि भाजपा ने घोषणा पत्र में क्या क्या बड़े ऐलान किए हैं।
1- घोषणा पत्र में भाजपा ने वादा किया है कि कर्नाटक में फिर से उनकी सरकार बनने पर 'पोषण' योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत बीपीएल परिवारों को हर दिन आधा लीटर नंदिनी दूध दिया जाएगा।
2- बीपीएल परिवार को हर महीने 5 किलो श्री अन्न श्री धन्य राशन किट उपलब्ध कराई जाएगी।
3- सरकार बनने पर हर बीपीएल परिवार को साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। ये गैस सिलेंडर युगादी, गणेश चतुर्थी और दीपावली के महीनों में दिए जाएंगे।
4- भाजपा की सरकार आने पर राज्य के हर वार्ड में अटल आहार केंद्र खोले जाएंगे, जिसके तहत सस्ता और पोषक भोजन प्रदान किया जाएगा।
5- राज्य में भाजपा की सरकार आने पर दलित और आदिवासी महिलाओं को 'ओनेक ओबावा सामाजिक न्याय निधि योजना' के तहत 5 साल के फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए 10 हजार रुपए की राशि दी जाएगी।
6- भाजपा की सरकार बनने पर कर्नाटक में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने के लिए हाई लेवल कमेटी बनाई जाएगी और उसकी सिफारिशों के आधार पर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा।
7- राज्य के सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने के लिए विश्वेश्वरैया विद्या योजना शुरू होगी, जिसके तहत प्रतिष्ठित व्यक्तियों और संस्थानों से भागीदारी की जाएगी।
8- सरकार बनने पर भाजपा 'समन्वय' योजना की शुरुआत करेगी, जिससे एसएमई और आईटीआई के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही प्रतिभाशाली युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर खुलेंगे।
9- 'मिशन स्वास्थ्य कर्नाटक' के माध्यम से भाजपा कर्नाटक में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी और नगर निगमों के हर वार्ड में सभी सुविधाओं से लैस नम्मा क्लीनिक शुरू की जाएंगी।
10- सरकार बनने पर भाजपा 30 हजार करोड़ रुपये के 'के-एग्री फंड' की स्थापना करेगी और इससे सभी ग्राम पंचायतों में माइक्रो-कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित होंगी।












Click it and Unblock the Notifications