बेंगलुरु: पिछले 5 दिनों में 250 बच्चे कोरोना से संक्रमित, तीसरी लहर के डर से प्रशासन की उड़ी नींद
बच्चों में बढ़ते कोरोना के मामलों ने एक बार फिर से बेंगलुरु प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पिछले 5 दिनों में राज्य में 250 बच्चे कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं।
बेंगलुरु, 11 अगस्त। बच्चों में बढ़ते कोरोना के मामलों ने एक बार फिर से बेंगलुरु प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पिछले 5 दिनों में राज्य में 250 बच्चे कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने इस बात की जानकारी दी है। कोरोना के मामलों में वृद्धि ऐसे समय में देखने को मिली है जब पड़ोसी राज्य केरल कोरोना के मामलों में लगातार तेजी का सामना कर रहा है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसे तीसरी लहर का भी संकेत माना जा रहा है। बेंगलुरु प्रशासन द्वारा जारी किए गए कोरोना बुलेटिन के अनुसार 5 अगस्त से 10 अगस्त के बीच 0 से 19 साल की आयु के 250 बच्चे कोरोन से संक्रमित पाये गए हैं। बुलेटिन के अनुसार 10 अगस्त को 0-9 वर्ष के 18 जबकि 10-19 वर्ष के 27 बच्चे कोरोना संक्रमित पाए गए। 9 अगस्त को 0-9 वर्ष के 18, जबकि 10-19 वर्ष के 24 बच्चे कोरोना से संक्रमित पाये गए। कुल मिलाकर जुलाई के अंतिम सप्ताह से प्रतिदिन 50 बच्चे कोरोना से संक्रमित पाए जा रहे हैं।

0-18 की उम्र के लोगों को ज्यादा खतरा
कोरोना की तीसरी लहर में 0-18 साल की उम्र के बच्चों को ज्यादा खतरा बताया गया है, हालांकि विशेषज्ञों ने दावा किया है कि इस धारणा के पीछे कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। विशेषज्ञों ने ऐसा कोरोना की पहली दो लहरो के आधार पर कहा हैं जिनमें बच्चे ज्यादा प्रभावित नहीं हुए हैं। लेकिन सीरोसर्वे के आंकड़ों के अनुसार पहली दो लहरों में बच्चे समान रूप से कोरोना के संपर्क में आए हैं और उन्होंने कोरोना के खिलाफ स्वभाविक रूप से एंटीबॉडी विकसित कर ली है। बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर में कर्नाटक में बच्चे बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव पाये गए थे।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में भाजपा नेता ने उठाई इंदिरा कैंटीन का नाम बदलने की मांग, कांग्रेस हुई आगबबूला
लागू की गई धारा 144
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने शहर में धारा 144 लागू कर दी है। इसके अलावा राज्य में कई तरह की पाबंदियां लगाई गई हैं। वहीं राज्य सरकार के अनुसार 23 अगस्त से राज्य में कक्षा 9-12 तक के लिए दोबारा स्कूल खोले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications