मुख्तार अंसारी कोरोना पॉजिटिव है या नहीं? सामने आई टेस्ट रिपोर्ट
बांदा। उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में बंद माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। पंजाब की रोपड़ जेल से उत्तर प्रदेश की बांदा जेल में शिफ्ट किए जाने के बाद मुख्तार अंसारी का कोरोना टेस्ट किया गया था। कोरोना की जांच के लिए मुख्तार अंसारी का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया था। बता दें, उत्तर प्रदेश सरकार मुख्तार की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराने को लेकर कानूनी राय ले सकती है। इस बीच, लखनऊ में एमपी एमएलए की विशेष अदालत ने अभियुक्त मुख्तार अंसारी को साल 2000 में कारापाल और उप कारापाल पर हमला करने, जेल में पथराव करने तथा जानमाल की धमकी देने के मामले में आरोप तय करने के लिए 12 अप्रैल को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है।
Recommended Video

बता दें, उत्तर प्रदेश पुलिस ने करीब दो साल से पंजाब की रोपड़ जेल में रहे बसपा विधायक और माफिया मुख्तार अंसारी को बुधवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच यूपी की बांदा जेल में स्थानांतरित किया था। योगी सरकार अब मुख्तार अंसारी की यूपी की विधानसभा में सदस्यता खत्म करने की तैयारी कर रही है। मुख्तार अंसारी मऊ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। यूपी के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि इस मामले में कानूनी राय ली जा रही है। सुरेश खन्ना ने कहा, 'यदि कोई सदस्य 60 दिनों से ज्यादा समय तक सदन से अनुपस्थित रहता है, तो उस स्थिति में नियमों के अनुसार उसकी सदस्यता को रद्द किया जा सकता है। यदि कोई उनकी सदस्यता रद्द करने के लिए याचिका दायर करता है, तो सरकार आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला करेगी।'
जबरन वसूली के मामले में रोपड़ जेल में बंद था मुख्तार अंसारी
मुख्तार अंसारी को जबरन वसूली के एक मामले में पंजाब की रोपड़ जेल में रखा गया था। मुख्तार अंसारी को यहां लाने के लिए यूपी सरकार और पंजाब सरकार के बीच सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा चला। सुप्रीम कोर्ट ने 26 मार्च को मुख्तार अंसारी को यूपी भेजने का आदेश दिया। कोर्ट ने पंजाब की जेल में बंद मुख्तार अंसारी को दो सप्ताह में उत्तर प्रदेश भेजे जाने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने मुख्तार की हिरासत स्थानांतरण याचिका पर यह फैसला सुनाया था।












Click it and Unblock the Notifications