कोविड से बचाव का BJP MLA सुरेंद्र सिंह ने बताया था तरीका, लोगों ने कहा- पहले करा दें वैक्सीन की व्यवस्था
बलिया, मई 19: अपने विवादित बयानों से चर्चाओं में बने रहने वाले बलिया के बेरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह एक बार फिर चर्चाओं में है। दरअसल, बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने लोगों को कोरोना से बचाव का अजब-गजब नुस्खा बताया हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तो वहीं, उनके इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें खूब ट्रोल किया जा रहा हैं। लोगों ने यहां तक लिख डाला कि भ्रामक जानकारी देने की जगह टीकाकरण का इंतजाम अपने क्षेत्र वासियों के लिए करें।

दरअसल, 7 मई को बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें विधायक सुरेंद्र सिंह खुद गौ मूत्र पीते नजर आ रहे थे। इस वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि वो नियमित गौ मूत्र का सेवन करते हैं, जिससे वो पूरी तरह स्वस्थ रहते हैं। इतना ही नहीं बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह सभी को गौ मूत्र पीने की सलाह दे रहे हैं। उनका दावा है कि गौ मूत्र के नियमित सेवन से कोरोना ही नहीं, किसी भी बीमारी से निपटा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में विधायक जी कहते हैं- 'बेरिया विधानसभा की पूरी जनता से फिर से एक अपील करना चाहता हूं। ये पतंजलि का गोधन अर्क है। मैं सुबह रोज खाली पेट पांच ढक्कन ठंडे पानी में मिलाकर गौमूत्र पीता हूं। इसके वैज्ञानिक तत्व क्या हैं, ये मुझे नहीं पता। लेकिन यही सेवन करके लगातार 18 घंटे मैं आप सब के बीच रहता हूं और कोविड से भी बचा हुए हूं। मैं ये दिखाना चाहता हूं कि मैं भी पीता हूं।'
बीजेपी विधायक के इस पोस्ट को लेकर उनको फेसबुक पर समर्थन करने वालों से कहीं ज्यादा उनको ट्रोल किया जा रहा है। जयंत पाठक नाम के व्यक्ति ने लिखा कि बैरिया विधानसभा के लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें, गोमूत्र बाद में भी सेवन करा सकते हैं। वहीं, एक दूसरे व्यक्ति विनय कुमार सिंह ने लिखा है कि आप विधायक हैं, लाखों लोगों के बीच आपके बातों का दुष्प्रचार हो रहा है और कुछ लोग आपकी बातों को मानते भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications