Ballia में दिखा बरसाने जैसा नजारा, गोपियों ने बरसाईं लाठियां तो ढाल लेकर बचते दिखे पूर्व मंत्री छट्ठ राम
आपने मथुरा की फूलों की होली, लठमार होली के बारे में कहीं न कहीं तो अवश्य ही सुना होगा। लेकिन इन तस्वीरों में जो आप देख रहे हैं, यह नजारा है जनपद बलिया का जहाँ पूर्व मंत्री गोपियों की लाठी को ढाल पर रोक रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में बीआर अंबेडकर मेले का तीसरा दिन यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के टॉपर छात्रों के नाम तो रहा ही, साथ ही जब राधा कृष्ण की झांकी के दौरान गोपियों ने बीजेपी पूर्व मंत्री छट्ठ राम पर लाठियां बरसाईं तो ढाल लेकर मंत्री जी भी गोपियों से बचते दिखे। राधा कृष्ण की झांकी के साथ यहां घंटों फूलों की होली खेली गई।

जब गोपियों ने बरसाई लाठी तो ढाल लेकर बचते दिखे पूर्व मंत्री
बता दें कि बलिया जिले में आयोजित बीआर अंबेडकर मेले में जब गोपियों ने लाठियां बरसाईं तो पूर्व मंत्री छट्ठ राम ढाल लेकर बचते दिखे। दरअसल, यह नजारा सीयर ब्लाक परिसर में देखने को मिला, जहां आयोजित फूलों की होली में दर्जा प्राप्त पूर्व राज्य मंत्री छट्ठू राम भी भक्तिगीत पर खूब थिरके। भक्तिगीत के दौरान पूर्व मंत्री छट्ठू राम पर गोपियों ने लाठियां भी बरसाई। गोपियों के लट्ठ को ढाल पर रोकते हुए छट्ठू राम बचते हुए दिखे। साथ ही राधा कृष्ण की झांकी के साथ यहां घंटों फूलों की होली खेली गई।

पूर्व मंत्री ने कहा: हमारी विधानसभा बनी सद्भावना का प्रतीक
बीजेपी के पूर्व मंत्री ने कहा कि "फूलों की होली, समरसता की होली, ब्रज की होली या कृष्ण का जो आशीर्वाद है, हम चाहते हैं कि हमारी विधानसभा ऐसे ही सद्भावना का प्रतीक बने। क्योंकि यह धरती पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की धरती हैं।" उन्होंने कहा कि "यह धरती शहीदों की धरती है क्योंकि हमारे क्रांतिकारियों में बलिदान देकर इस धरती को आजाद कराया है। यह ऐसी धरती है जिसने ऐसे सपूत को पैदा किया कभी किसी पद पर नहीं रहा और बना तो देश का प्रधानमंत्री बना इसलिए हमें अपनी इस मिट्टी पर बड़ा गर्व महसूस होता है।"

305 टॉपर छात्रों को दिया प्रशस्ति पत्र
बलिया के सीयर ब्लॉक परिसर में आयोजित बीआर अंबेडकर मेले का तीसरा दिन यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के टॉपर छात्रों के नाम रहा। मेले के समापन दिवस पर पूर्व मंत्री छट्ठू राम की मौजूदगी में एसडीएम सीमा पांडे द्वारा यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड विभिन्न स्कूल कॉलेज से हाईस्कूल और इंटर के कुल 305 टॉपर छात्रों को उत्कृष्ठ छात्र हेतु प्रशस्ति पत्र दिया गया। साथ ही उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इन छात्रों पर टिका है देश का भविष्य
एसडीएम सीमा पांडे ने सभी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। वहीं भाजपा नेता और पूर्व मंत्री छट्ठू राम ने कहा कि गांव के प्रतिभावान छात्र ही देश का भविष्य है। इनका सम्मान गर्व की बात है। जिन पर देश का भविष्य टिका है। समारोह में कुल 165 स्कूल से यूपी बोर्ड के 285 हाई स्कूल और इंटर टॉपर्स छात्र को सम्मानित किया गया। इसमें 10 स्टेट टॉपर्स छात्र भी शामिल रहे। साथ ही सीबीएसई स्कूलों के भी 20 टॉपर्स छात्र शामिल रहे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications