STF चीफ के पहुंचने पर काबू में आए हालात, महसी-महराजगंज में पसरा सन्नाटा, हुआ अंतिम संस्कार, पढ़ें ताजा अपडेट
Bahraich Violence news updates: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के महसी-महाराजगंज इलाके में शनिवार देर शाम मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के लिए ले जाते समय हुए बवाल का असर सोमवार को भी देखने को मिला। सोमवार को दोबारा कई जगह पर आगजनी होने लगी।
हालात को लेकर तुरंत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से बात की। ताजा अपडेट लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से सीनियर अधिकारियों को तत्काल बहराइच जाने का निर्देश दिया। एसटीएफ चीफ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हिंसा प्रभावित इलाके में पहुंचकर एसटीएफ चीफ अमिताभ यश ने खुद मोर्चा संभाला। इस दौरान हाथ में पिस्टल लेकर दंगाइयों को खदेड़ने का उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद हालात पर काबू पाया गया। फिलहाल माहौल शांत है।
सोमवार दोपहर में अचानक खराब हुआ माहौल
दरअसल, रविवार रात में दंगा होने के बाद रात से लेकर सुबह तक माहौल काबू में रहा लेकिन सोमवार दोपहर में अचानक काफी संख्या में लोग पहुंच गए। लाठी डंडा और त्रिशूल आदि लेकर लोग नारेबाजी करने लगे। अचानक लोग उग्र हो गए।
उसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल और कई लोगों के घरों में भी आग लगा दी। भीड़ में शामिल लोगों ने मीडिया कर्मियों के साथ भी मारपीट की। रविवार रात के बाद सोमवार दोपहर को बहराइच में दंगे की लपटें फिर उठने लगीं थीं।
इसी बीच बहराइच जनपद में एसटीएफ के चीफ अमिताभ यश पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद माहौल पर काफी हद तक काबू पाया गया। हालांकि लखनऊ से आने वाले अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही जिलाधिकारी और एसपी ने भी काफी देर तक मोर्चा संभाले रखा।
फोर्स की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार
दंगा के दौरान गोली लगने से मृत रामगोपाल मिश्रा का शव पोस्टमार्टम करने के बाद सोमवार को परिजनों को दिया गया। उसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार करने की बजाय प्रदर्शन करने लगे। काफी देर तक प्रदर्शन चला।
इस दौरान विधायक सुरेश्वर सिंह ने परिजनों से बात की और परिजनों की बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी कराई। परिजनों द्वारा मांग किया गया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उनका एनकाउंटर किया जाए।
मुख्यमंत्री द्वारा शासन दिए जाने के बाद मृतक के परिवार वाले अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। उसके बाद फोर्स की मौजूदगी में मृतक रामगोपाल मिश्रा का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों द्वारा यह भी कहा जा रहा है कि 2 दिन की मोहलत दी गई है।
वहीं बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा रामगोपाल मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने वाले पक्ष के मुख्य आरोपी सलमान को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। इसके अलावा 30 से अधिक लोगों को पड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
रिपोर्ट : महेश चंद्र गुप्ता, बहराइच, यूपी












Click it and Unblock the Notifications