तेंदुए के आतंक से 6 लोग घायल, वनकर्मियों के सामने गांव वालों ने घेरकर लाठी-डंडों से मार डाला
Bahraich

6 लोग घायल
मोतीपुर थाना क्षेत्र के गिरगिट्टी के मटिहापुरवा गांव निवासी हृदयराम (40) पुत्र रत्तीराम अपने गन्ने के खेत में काम कर रहे थे। अचानक मादा तेंदुआ जंगल से निकलकर खेत में घुस आई और उन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे अनिल (28) पुत्र रत्तीराम, दिनेश (26) पुत्र छोटे, दिनेश (45) पुत्र कल्लू, मनीष (20) पुत्र जगदीश, बराती (47) पुत्र भगवान दीन उन्हें बचाने पहुंचे तो तेंदुए ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया।

खेत को घेरकर भीड़ ने किया हमला
शोर-शराबा सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर एकत्र हो गए और हांका लगाते हुए तेंदुए की घेराबंदी करने लगे। मादा तेंदुआ भीड़ से बचने के लिए पास के गन्ने के खेत में घुस गई। ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर तेंदुए को घेर लिया। सूचना पाकर वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र मौर्या वनकर्मियों व मोतीपुर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस की मौजूदगी में वन विभाग के कर्मचारी तेंदुए को पकड़ने की कवायद करते रहे और आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ तेंदुए को खेत से बाहर निकालकर पीटती रही।

पीट-पीटकर मार दिया
डीएफओ जीपी सिंह ने बताया कि मृत तेंदुआ मादा है। उसकी उम्र तकरीबन दो वर्ष है। बताया कि आईबीआरआई बरेली के पशु चिकित्सक, लखनऊ जू डब्ल्यूटीआई, मिहीपुरवा के पशु चिकित्साधिकारी व एक अन्य डाक्टरों का पैनल तेंदुए के शव का पोस्टमॉर्टम करेगा। रेंजर इरफान अहमद ने दो नामजद व 50 अन्य के खिलाफ मोतीपुर थाने में तहरीर दी है।












Click it and Unblock the Notifications