Bahraich Rice Mill: आग की लपटों में फंसे मजदूर, जान बचाने की कोशिश में दम घुटा, 5 की मौत, 3 घायल
Bahraich rice mill fire: बहराइच जिले में सोमवार की सुबह एक चावल मिल में हुए हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। दरगाह थाना क्षेत्र के राजगढ़िया राइस मिल में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मिल में काम कर रहे मजदूरों ने जैसे ही आग की लपटें देखीं, वे तुरंत उसे बुझाने में जुट गए। लेकिन तभी कुछ ऐसा हुआ जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
धुएं के गुबार और फैलती आग की चपेट में आने से पांच मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। जिला प्रशासन और राहत टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लाने में जुटी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम मोनिका रानी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। साथ ही, अधिकारियों को हादसे की गहराई से जांच करने और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पहले मिल के ऊपरी हिस्से में लगी आग
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह-सुबह राइस मिल के ऊपरी हिस्से में आग लग गई। मिल के कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटों के साथ धुआं भी तेजी से फैलने लगा, जिससे पूरा परिसर घने धुएं से भर गया।
जब मजदूरों ने आग बुझाने की कोशिश की, तब वे धुएं में फंस गए और दम घुटने से उनकी जान चली गई। यह सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को बचने का मौका भी नहीं मिला।
घायल मजदूरों की हालत नाजुक
जिन तीन मजदूरों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, उनकी स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और मजदूरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
सीएमएस डॉ. एमएम त्रिपाठी ने पांच मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
की जा रही मामले की जांच
फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग कैसे लगी, इसके पीछे शॉर्ट सर्किट या लापरवाही, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और मिल प्रबंधन से भी जवाब-तलब किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम द्वारा पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications