गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से पहले आजमगढ़ पहुंचे सीएम योगी, तैयारियों का लिया जायजा, कही ये बात
आजमगढ़, 05 नवंबर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 नवंबर को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ आएंगे। वह यहां राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास करेंगे। गृहमंत्री के दौरे से पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने आजमबांध-यशपालपुर में नए राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भौतिक और औद्योगिक विकास मॉडल बनाने के लिए हम इसी महीने आजमगढ़ के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रहे हैं। आजमगढ़ को हवाई संपर्क देने के लिए, एक हवाई अड्डे के निर्माण की कार्यवाही चल रही है।

विकास की एक नई कहानी लेकर आगे बढ़ रहा आजमगढ़: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''पीएम के नेतृत्व में आज यूपी देश में अपनी एक नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है, उसी का परिणाम है कि 2017 के पहले जिस उत्तर प्रदेश को देश के विकास के बाधक के रूप में देखा जाता था आज वही प्रदेश देश की सभी योजनाओं में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढ़ रहा है।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब आजमगढ़ के लोगों को पहचान के संकट से गुजरना पड़ा था। देश की बहुत जगहों पर लोग उन्हें होटल देने से कतराते थे, लेकिन आज आजमगढ़ विकास की एक नई कहानी को लेकर आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे भौतिक विकास और इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास के एक नए प्रतिमान रचेगा।
डीएम राजेश कुमार ने सीएम योगी को बताया कि आजमगढ़ मुख्यालय से विश्वविद्यालय की दूरी करीब 16 किलोमीटर है। बताया कि गाजीपुर में बन रहे हाईवे से विश्वविद्यालय के मार्ग को जोड़ा जाएगा, जिसके निर्माण में कुल करीब 934 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने पूरा डेमो मुख्यमंत्री को दिखाया। उन्होंने बताया कि करीब 52.27 एकड़ भूमि में कुलपति आवास और हॉस्टल के लिए यहां पर भूमि है।












Click it and Unblock the Notifications