UP News: छोटे भाई का शव घर पहुंचते ही बड़े भाई की भी मौत, एक साथ जली दो चिताएं, पूरे गांव में पसरा मातम
UP Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। आज़मगढ़ जिले में बीमारी से छोटे भाई की मौत के बाद जब उसका शव घर पहुंचा तो बड़ा भाई यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और उसकी भी मौत हो गई।
एक ही दिन दोनों भाइयों की मौत के बाद पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया। हर किसी की जुबान पर दोनों भाइयों की चर्चा होती रही। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच काफी प्रेम था। जब दोनों भाइयों की अर्थियां एक साथ वहां से उठीं तो हर किसी की आंखें भर आईं।

यह पूरा मामला आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थानाक्षेत्र के कोल्हूखोर गांव का है। गांव में 36 वर्षीय हरेंद्र कुमार और 50 वर्षीय गोबर्धन राम नामक दो भाई परिवार समेत रहते थे। बताया जा रहा है कि हरेंद्र की तबीयत कफी समय से खराब चल रही थी। ऐसे में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार को हरेंद्र की मौत हो गई। हरेंद्र की मौत हो जाने के बाद परिवार के लोग शव को लेकर घर पहुंचे। इस दौरान छोटे भाई का शव घर पहुंचने के बाद परिवार के लोग रोने चिल्लाने लगे। इसी दौरान गोबर्धन भी वहां पहुंचे और भाई के शव से लिपटकर रोने लगे।
भाई का भाई से प्यार और शव से लिपटकर रोता देख हर किसी की आंख भर गई। इसी बीच रोते हुए आचानक गोबर्धन भी अचेत हो गए। लोगों को पहले लगा कि यह सामान्य बात है और लोग उनके चेहरे पर पानी का छिड़काव करने लगे लेकिन वे नहीं उठे। उसके बाद उन्हें भी लोग अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
गोबर्धन राम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उसके बाद रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया और बाद में दोनों की एक साथ अर्थी लगाई गई। उसके बाद पूरा गांव अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। राजघाट पर दोनों भाईयों का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि गोबर्धन राम की केवल एक बेटी है जबकी हरेंद्र के तीन बेटे हैं। फिलहाल दोनों भाईयों की मौत को लेकर पूरे गांव में मातम पसरा है।












Click it and Unblock the Notifications