आजमगढ़ : बाइक सवार को धक्का मारते हुए पलट गई कार, पांच लोगों की दर्दनाक मौत
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र में देर रात सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो कार की रफ्तार अधिक होने के चलते यह हादसा हुआ, जिसे देख
आजमगढ़, 28 अगस्त: आजमगढ़ में शनिवार की रात में बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा पुलिस चौकी अंतर्गत सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। सभी लोग आजमगढ़ से मिर्जापुर के विंध्याचल में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार के चलते बाइक सवार से टकराने के बाद कार हवा में उछलते हुए चार बार पलट गई। पलटी मारने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं इस हादसे को देखने वालों की रुह कांप गई।

खून से रंग गई सड़क, मची चीख पुकार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार में फंसे लोगों को कार से बाहर निकाला। उसके बाद उन्हें अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने 22 वर्षीय पिंटू यादव, 35 वर्षीय शिवप्रकाश, 29 वर्षीय सुशील कुमार, 32 वर्षीय मीना यादव, 03 वर्षीय अनोखी को मृत घोषित कर दिया। मृतक सुशील कुमार को छोड़कर सभी लोग इकरामपुर गांव के निवासी थे और एक ही परिवार के थे। वहीं कुछ अन्य लोग भी घायल हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनका उपचार चल रहा है। वहीं घटना के बाद घनास्थल पर चारों तरफ खून ही फैला नजर आया।
दर्शन पूजन करने के लिए जा रहे थे विंध्याचल
मृतक के परिजनों ने बताया कि मां विंध्यवासिनी से एक मन्नत मांगी गई थी और मन्नत पूरी हो जाने के बाद उनके परिवार के लोग विंध्याचल में दर्शन पूजन करने के लिए जा रहे थे। लोगों ने बताया कि आजमगढ़ से जौनपुर होते हुए सभी लोग मिर्जापुर जाते और वहां पर मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन पूजन करने के बाद रविवार को वापस लौट आते। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में घायल मीना यादव गर्भवती भी थी।
पोस्टमार्टम हाउस पर मची रही भीड़
मृतकों के परिजन रात में ही पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए और वहां पर मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जाता रहा। इस दौरान मृतक के रिश्तेदारों का आगमन भी होता रहा और रात तक लोग रोते बिलखते नजर आए। वहीं इस बारे में एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications