यूपी के अमरोहा में महिला की कोरोना से मौत, कोटा से लौटी पोती से संक्रमण फैलने का अंदेशा
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रहने वाली कोरोना संक्रमित 70 वर्षीय वृद्धा की मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मौत हो गई। 26 अप्रैल को वृद्धा को खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत की परेशानी के बाद टीएमयू में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गुरुवार तड़के उसकी मौत हो गई। कोरोना संक्रमित वृद्धा की मौत से स्वास्थ्य अफसरों के हाथ पांव फूल गए। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत से जुड़ा यह पहला मामला है।

सांस लेने में दिक्कत की परेशानी के बाद कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक, अमरोहा के नौगावांसादात की नई बस्ती निवासी 70 वर्षीय जैनब फातिमा को बीते कुछ दिन से खांसी, बुखार और सांस लेने में दिक्कत बनी थी। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया, लेकिन सेहत में सुधार नहीं हुआ। तबीयत ज्यादा खराब होने पर 26 अप्रैल को परिजनों ने महिला को मुरादाबाद टीमएमयू में भर्ती कराया। महिला को कोरोना संदिग्ध मानकर डॉक्टरों ने उपचार शुरू करने के साथ ही सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा। बुधवार रात आई जांच रिपोर्ट में वृद्धा के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। गुरुवार तड़के वृद्धा की मौत हो गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
कोटा से लौटी पोती से संक्रमण फैलने का अंदेशा
उधर, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व मृतका की पोती राजस्थान के कोटा से अपने घर लौटी थी। ऐसे में अंदेशा है कि कोरोना का संक्रमण उसी के जरिए वृद्धा तक पहुंचा हो। एहतियात बतौर स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन अब मृतका के परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही उनके संपर्क में आए दूसरे लोगों को ट्रेस कर क्वारंटाइन करने की तैयारी में जुटा है। इसके अलावा कस्बे में स्वास्थ्य टीमों को भेजकर सैनिटाइजेशन कराने की तैयारी भी की जा रही है। सीएमओ डॉ. मेघ सिंह के मुताबिक, विभागीय नियमानुसार ही अब शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications