अमेठी: स्ट्रांग रूम के बाहर EVM की रखवाली कर रहे कांग्रेसी, शिफ्ट वाइज दे रहे ड्यूटी
Amethi news, अमेठी। यूपी के अमेठी में कांग्रेसी ईवीएम मशीन को लेकर अब काफी चौकन्ने हैं। दिन-रात शिफ्ट वाइज स्ट्रांग रूम के बाहर ड्यूटी दे रहे हैं। यहां इंदिरा गांधी डिग्री कॉलेज के बाहर सुरक्षा गार्डों के साथ-साथ कांग्रेस के बड़े नेताओं से लेकर ब्लॉक और बूथ स्तर तक के नेता बाकायदा नजर रखे हैं। 6 मई को वोटिंग के बाद जिला प्रशासन ने मनीषी महिला पीजी कॉलेज अमेठी, इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज में ईवीएम मशीन और वीवीपैट को रखा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस के जवान इन स्ट्रांग रूम पर पूरी तरह मुस्तैद हैं। बावजूद इसके कांग्रेसियों ने भी अलग से स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का बीड़ा उठा रखा है।

कांग्रेसियों को है इस बात का डर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा से लेकर एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधायक विजय पासी जैसे बड़े नेताओं के अलावा ब्लाक और बूथ के नेता दिन रात जागकर यहां स्ट्रांग रूम के बाहर रखवाली कर रहे हैं। कांग्रेसियों को खतरा है कि अगर जरा भी आंख बची तो जिला प्रशासन बीजेपी की हमदर्दी मे कोई भी कदम उठा सकता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा ने कहा कि चुनाव से लेकर आजतक प्रशासन सत्ता और उसके नेता के इर्द-गिर्द घूम रहा है। ऐसे में हम सबको सतर्क रहने की जरूरत है।

दो दिन पहले हुआ था हंगामा
बता दें कि चुनाव के दो दिन बाद ही अमेठी मे उस समय हड़कंप मच गया था जब ईवीएम स्ट्रांग रूम के पास ट्रक लगाकर उस पर मशीनें लादी जा रही थीं। इस खबर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा समर्थकों के साथ वहां पहुंचे थे और जमकर हंगामा हुआ था। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मशीनों को ट्रक पर लादने से मना कर दिया था। उन्होंने ईवीएम मशीन के बदले जाने की अधिकारियों से शिकायत किया था, जिस पर मौके पर पहुंची उप जिला निर्वाचन अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने जिलाध्यक्ष को रिजर्व में बची मशीनों की क्रमवार जानकारी देते हुए बताया था कि यह मशीनें कलेक्ट्रेट में स्थित बेयर हाउस ले जाई जा रही हैं। जहां इनका बार कोड स्कैन कर सुल्तानपुर भेजा जाना है। तब कही जाकर मामला शांत हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications