Motilal Weds Mohini : 65 साल शख्स ने 60 साल की महिला से की शादी, लिव-इन में बिताए 28 साल
अमेठी, 22 जून: 65 साल के मोतीलाल ने 60 साल की मोहिनी देवी से लव मैरिज की है। दोनों 28 साल से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। विधि-विधान से शादी की रस्में अदा की गईं। इस शादी में शामिल होने के लिए गांव में निमंत्रण कार्ड बांटे गए थे। खास बात यह कि दूल्हे का बेटा, बेटियों के साथ ही बहू और नाती-पोते भी इस शादी में शामिल हुए। मामला उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले का है। बीते रविवार को हुई यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।
Recommended Video

28 साल से लिव-इन में थे मोतीलाल और मोहिनी
अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के खुटहना गांव में 65 साल के मोतीलाल ने घर पर हिंदू रीति रिवाजों से 60 साल की मोहिनी देवी के साथ शादी रचाई। इससे पहले दोनों लगभग 28 साल से पति-पत्नी की तरह लिव-इन में रह रहे थे। हालांकि, कानूनी तौर पर दोनों शादीशुदा नहीं थे।

उम्र के आखिरी पड़ाव में क्यों लिया शादी का फैसला
पंडित तेजराम पांडेय ने दोनों की शादी करवाई है। पंडित ने बताया कि हिंदू समाज के नियम के मुताबिक, जिस किसी की भी शादी नहीं होती है, उनका श्राद्ध और पिंडदान उसके बच्चे नहीं कर सकते। इसलिए मोतीलाल ने उम्र के आखिरी पड़ाव में आकर शादी करने का फैसला लिया। मोतीलाल की दो बेटियां प्रिया और सीमा हैं। दोनों पिता की शादी में शामिल हुईं। दोनों ने बताया कि इस शादी में शामिल होकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।

कार्ड भेजकर शादी का दिया था निमंत्रण
बता दें, मोतीलाल ने गांव में सभी लोगों को कार्ड भेजकर शादी के लिए निमंत्रण दिया था। सभी मेहमानों के लिए रात्रि भोज की व्यवस्था भी की गई थी। गाना-बजाना हुआ, सभी बेहद खुश दिखे। मोतीलाल और मोहिनी देवी ने शादी की रस्में निभाकर सात फेरे लिए। इस दौरान मोतीलाल की शादी में बहू-बेटियां और नाती-पोते सभी बराती बने थे। इलाके में इस अनोखी शादी की जमकर चर्चा रही। मोतीलाल के दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं और सभी विवाहित हैं।












Click it and Unblock the Notifications