अंबेडकर नगर के आबकारी निरीक्षक सहित चार सिपाही निलंबित, जहरीली शराब पीने से 5 की हुई थी मौत
अंबेडकर नगर, मई 12: जहरीली शराब के सेवन से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोगों की हालत नाजुक है। तो वहीं, इस मामले में जिलाधिकारी के पत्र के बाद आबकारी आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने इस संज्ञान लेते हुए आबकारी विभाग के निरीक्षक सहित चार सिपाही को निलंबित कर दिया हैं।

निलंबित होने वालों में आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आबकारी सिपाही दीप नारायण वर्मा, आबकारी सिपाही सर्वेश कुमार व प्रदीप कुमार सिंह है। आपको बता दें कि इससे पहले जैतपुर एसओ समेत 4 पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है। दरअसल, ये मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के मखदूमपुर की चौहान बस्ती का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू चौबे आजमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित मिट्टूपूर बाजार से देसी शराब लेकर आया था। रविवार को सोनू चौबे के अलावा बगल के गांव मखदूमपुर के रहने वाले राम शुभम चौहान, अमित चौहान, जैसराज, महेश ने भी शराब पी थी।
शराब पीने के बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। तबीयत बिगड़ने के बाद आनन-फानन में इन्हें प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान अमित चौहान की मौत हो गई थी। जबकि सोनू चौबे व सेवानिवृत्त सूचना अधिकारी राम शुभग चौहान ने अगले दिन दम तोड़ दिया था। वहीं, शराब पीने से हुई मौत की घटना को ग्रामीणों ने छिपाकर आनन-फानन में तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। हालांकि, शराब पीने से मौत की जानकारी सपा विधायक सुभाष राय ने पुलिस को दी थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था।
इस मामले डीएम सैमुअल पॉल ने बताया था कि शराब पड़ोसी आजमगढ़ जिले के मिट्टूपूर से लाई गई थी। मामले की जानकारी आजमगढ़ के डीएम को दी गई है। साथ ही गांव में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सपा नेता सिद्धार्थ मिश्रा का आरोप है कि आबकारी विभाग की निष्क्रियता के चलते लोगों की जानें गई हैं। मृतकों के परिजनों को 20 लाख का मुआवजा मिले। साथ ही दोषी पुलिस और आबकारी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications