भाजपा जिलाध्यक्ष पर रेप का आरोप, गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी के पास गई युवती
Ambedkar nagar, अंबेडकरनगर। अपने कारनामों को लेकर विवादों में रहने वाले अंबेडकर नगर भाजपा जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा एक बार फिर संगीन आरोप में घिरे हैं। एक युवती जिलाध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप लगा कर कार्रवाई मांग करते हुए एसपी कार्यालय में धरने पर बैठ गयी है। हलांकि मामला सत्ता पक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस पर आरोप है कि वह मामले को रफा-दफा करने में जुटी है।

यह है पूरा मामला
टांडा कोतवाली इलाके की युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि भाजपा जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा वर्ष 2014 में पहली बार जिला अस्पताल में उसके साथ दुष्कर्म किया था। तब से कई बार डरा-धमका कर दुष्कर्म किया और फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया।

युवती ने लगाए ये आरोप
उक्त प्रकरण की शिकायत तीन दिन पहले पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से की थी जिसमें जिलाध्यक्ष के साथ उसके चाचा पर भी मारने-पीटने का आरोप लगाया था लेकिन पुलिस पर आरोप है कि उसने बाद में तहरीर बदलवाकर जिलाध्यक्ष का नाम हटा दिया और उसके चाचा ओमप्रकाश व अन्य के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया था।

एसपी ऑफिस के बाहर बैठी पीड़िता
इसके बाद पीड़िता प्रार्थना पत्र के साथ एसपी कार्यालय पहुंची और जिलाध्यक्ष कपिल देव पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गयी। पीड़िता घंटो बैठी रही लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उससे बात करने को तैयार नहीं हुआ। हलांकि भाजपा जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा का कहना है कि आरोप बेबुनियाद है, पार्टी की लोकप्रियता को देख कर विरोधी साजिश कर रहे हैं। इस मामले में कोई भी पुलिस अधिकारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications