प्रेमिका ने धोखा दिया तो प्रेमी ने भगवान पर निकाला गुस्सा, मंदिर में जाकर किया यह कांड
अलवर। प्यार में धोखा मिलने पर अक्सर लोग हत्या-आत्महत्या तक के कदम उठा लेते हैं, मगर राजस्थान में एक शख्स ने प्रेमिका की बेवफाई का सारा गुस्सा भगवान पर निकाल डाला। आरोपी के अलवर पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद यह खुलासा हुआ है।

450 साल पुराना है मंदिर
दरअसल, हुआ यह कि अलवर जिले के किशनगढ़बास में 450 साल पुराना मंदिर है। 24 घंटे पहले मंदिर में मूर्तियां खंडित मिलीं। इस पर लोगों की आस्था को गहरी चोट पहुंची। आक्रोश व्याप्त हुआ। मन्दिर पुजारी दीपक मिश्रा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल शुरू की।

सख्ती बरतने पर उगला सच
थानाधिकारी विक्रम सिंह के अनुसार संदेह के आधार पर किशनगढ़बास के किलो मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय ओमवीर सिंह को भिवाड़ी से हिरासत में लिया। शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया, जिसे सुनकर पुलिस भी चौंक गई।

प्रेमिका ने की किसी और से शादी
आरोपी ओमवीर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह किसी लड़की से बेपनाह मोहब्बत करता था। लॉकडाउन के चलते प्रेमिका से शादी रचाकर अपने घर नहीं ला सका तो दो दिन पूर्व प्रेमिका ने किसी और से शादी कर ली। इस बात का पता लगने पर ओमवीर का भगवान से भरोसा उठ गया।

घर से गायब होने पर हुआ शक
फिर वह किशनगढ़बास स्थित बिहारी जी मंदिर गया। पहले तो हनुमानजी के सिंदूर के चित्र पर पांव रखा। उसके बाद किले के अंदर जाकर शिव मंदिर में शिवलिंग और पार्वती जी की मूर्तियों को पत्थर से तोड़कर बाहर फेंक दिया। मामला बढ़ा तो वह घर से गायब हो गया। इसी शक के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। फिर पूछताछ में सच्चाई सामने आने पर गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications