BJP नेता ने मंच से कार्यकर्ताओं को उकसाया, बोले- 'दंगा-फसाद करो या लात-जूता लेकिन चुनाव जीतो'
BJP नेता ने मंच से कार्यकर्ताओं को उकसाया, बोले- 'दंगा-फसाद करो या लात-जूता लेकिन चुनाव जीतो'
प्रयागराज, 17 फरवरी: उत्तर प्रदेश में पहले और दूसरे चरण का विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुका है, और तीसरे चरण के लिए राजनीतिक दलों की तैयारियां जोरों पर है। इस बीच कई नेताओं द्वारा विवादित बयान देने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे है। ऐसा ही एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व विधायक रामसेवक पटेल अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के लिए 'दंगा-फसाद, हिंसा और पैसे-शराब बांटने' के लिए उकसाते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर भाजपा नेता और पूर्व विधायक रामसेवक पटेल का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस इस मामले का संज्ञान लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए पूर्व विधायक और उनके 150 अज्ञात समर्थकों पर आचार संहिता उल्लंघन समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया। बता दें कि पूर्व विधायक रामसेवक पटेल का यह वीडियो सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें पूर्व विधायक रामसेवक पटेल मेजा में भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया का प्रचार करते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि रामसेवक पटेल खुलेआम कार्यकर्ताओं को भड़का रहे हैं। मंच से ही पूर्व विधायक कार्यकर्ताओं को किसी भी तरह चुनाव जीतने के गुर बता रहे हैं। खुलेआम मंच से पूर्व विधायक रामसेवक पटेल भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि 'चुनाव हर हाल में जीतना है। एक-एक बूथ को जीतने के लिए जो भी करना पड़ेगा, वह आप सबको करना होगा। जीत हासिल करने के लिए चाहे दंगा-फसाद हो या लात-जूता, पैसा-कौड़ी या शराब बांटना हो या फिर ताकत दिखाना होगा, सब कुछ करना पड़ेगा।'
वायरल वीडियो में वो कार्यकर्ताओं को खुलकर उकसाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पूर्व विधायक का यह भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। इस मामले में उनके और उनके समर्थकों के खिलाफ मांडा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पूर्व विधायक रामसेवक की तरफ से कोई सफई पेश नहीं की गई है। जिन बीजेपी प्रत्याशी के लिए ये सभा बुलाई गई थी, उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया है।












Click it and Unblock the Notifications