UP: प्रयागराज में सहपाठियों ने छात्र को पीट-पीटकर मार डाला, बचाने की गुहार लगाती रही बहन, नहीं मिली मदद
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दसवीं के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक छात्र के परिजनों का आरोप है कि उसकी बहन के कुछ लोग छेड़छाड़ कर रहे थे जब उसने अपनी बहन से छेड़छाड़ का विरोध किया तो दूसरे समुदाय के छात्रों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। हालांकि, पुलिस छेड़खानी वाली बात से इनकार कर रही है।
दो समुदाय के बीच हुए मारपीट और छात्र की मौत हो जाने के बाद भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे और खीरी चौराहे पर मंगलवार को शाम जाम लगा दिए। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। हालांकि दो समुदाय के बीच के विवाद को ध्यान में रखते हुए इलाके में भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई है।

दरअसल, यह पूरी घटना प्रयागराज जनपद के खीरी थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के दत्तु गांव निवासी 16 वर्षीय सत्यम शर्मा पुत्र मनोकामना शर्मा खीरी में स्थित परमानंद इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। वह और उसकी बहन दोनों साथ में ही पढ़ाई करते हैं।
सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह अपनी चचेरी बहन के साथ अपने घर वापस लौट रहा था। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो भाई बहन जब तुर्कपुरवा मोहल्ले में पहुंचे थे इसी दौरान दूसरे समुदाय के छात्र वहां पहुंच गए। चचेरी बहन का आरोप है कि दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा उसके साथ छेड़खानी की गई।
साथ में उसका चचेरा भाई सत्यम शर्मा जब छेड़खानी करने वाले लोगों का विरोध किया तो वह लोग भाई के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान बहन बीच-बचाव करती रही और लोगों से भाई को छोड़ने की गुहार लगाती रही लेकिन लोग नहीं माने। आरोप है कि इस दौरान वहां भीड़ एकत्र हो गई लेकिन कोई भी सत्यम को बचाने नहीं आया।
पिटाई के चलते सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने के बाद सत्यम के घरवाले वहां पहुंचे और उसे लेकर प्रयागराज के स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में पहुंचे जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार में की पुकार मच गई।
वहीं दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा छात्र की पीट-पीटकर हत्या करने की सूचना मिलने के बाद खीरी चौराहे पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। इस दौरान आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने के बाद एसीपी राजीव यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों द्वारा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। उसके बाद देर शाम जाम समाप्त हुआ। लोगों के आक्रोश को ध्यान में रखते हुए इलाके में भारी फोर्स की तैनाती की गई है। वहीं मृतक के परिजनों द्वारा चार आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई जिस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की खोजबीन में जुटी हुई है।
इस बारे में पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि स्कूल में मारपीट के बाद मामला शांत हो गया था लेकिन बाद में छुट्टी होने पर अपने इलाके में पहुंचने पर एक समुदाय के लोगों ने छात्र को मारा पीटा जिससे उसकी मौत हो गई है। मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications