प्रयागराज कुंभ का दूसरा स्नान, पौष पूर्णिमा पर संगम में लाखों लोग ले रहे डुबकी
प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में चल रहे कुंभ मेले में सोमवार को दूसरा स्नान पर्व पौष पूर्णिमा के तौर पर मनाया जा रहा है। भोर से ही लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ त्रिवेणी पर आस्था की डुबकी लगा रही है। लोग स्नान के साथ भगवान भास्कर को जल चढ़ा रहे हैं, दान और मंदिरों में दर्शन कर रहे हैं। सोमवार को स्नान के साथ ही त्याग-तपस्या का प्रतीक कल्पवास भी प्रारंभ हो गया है।

80 लाख श्रद्धालु करेंगे स्नान
भारतीय पंचांग के पौष मास के शुक्ल पक्ष की 15वीं तिथि को पौष पूर्णिमा कहते हैं। मान्यता है कि इस दिन ग्रहों की स्थिति पवित्र नदी में स्नान के लिए सर्वाधिक अनुकूल होती है। इस दिन चंद्रमा पृथ्वी से अपने पूर्ण आकार में दिखाई पड़ता है। प्रशासनिक आंकड़ा है कि पौष पूर्णिमा पर कुंभ मेले में 70 से 80 लाख के बीच श्रद्धालु स्नान करेंगे। फिलहाल पूरे कुंभ मेला क्षेत्र समेत प्रयागराज जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले में प्रवेश से पूर्व वाहन चेकिंग व सीसीटीवी निगरानी के बाद ही वाहनों को प्रवेश मिल पा रहा है।

आस्था के आगे ठंड बेबस
कड़ाके की ठंड के बीच पौष पूर्णिमा पर संगम स्नान व अखाडो के शाही स्नान को देखने के लिए लाखों की संख्या में पूरे देश से श्रद्धालुओं का प्रयागराज पहुंचना जारी है। अर्धरात्रि से ही स्नान का क्रम शुरू हो गया है, जो सोमवार देर रात तक चलेगा। खास बात यह है कि आस्था के इस हिलोर में ठंड पूरी तरह से बेबस नजर आ रही है। बच्चे महिलाएं बुजुर्ग सब में स्नान को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है।

एक मास का कल्पवास
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार पौष पूर्णिमा के स्नान के दिन से ही संगम की रेती पर 1 मास तक चलने वाला कल्पवास भी शुरू होता है । अब 1 महीने तक यहां पर सनातन परंपरा के अनुसार श्रद्धालु प्रवास करेंगे और जप तक के साथ पुण्य अर्जित करेंगे। वही, स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने के लिए रेलवे व रोडवेज ने भी अपनी स्पेशल सुविधाएं लागू की है । रेलवे जहां स्पेशल कुंभ मेला ट्रेनें चला रहा है । वहीं, यूपी सरकार आज शटल बस सेवा निशुल्क रूप से कुंभ मेले के लिए चला रही है।












Click it and Unblock the Notifications