प्रयागराज से मुंबई का सफर हुआ आसान, सीधी फ्लाइट सेवा की शुरुआत 20 अप्रैल से
Prayagraj News, प्रयागराज। प्रयागराज से मुंबई जाने के लिए अभी तक लोगों को ट्रेन से ही सफर करना पड़ रहा था। इस दौरान यात्रा में 22 से 27 घंटे गुजारने पड़ते थे। लेकिन अब यह दूरियां इतनी नहीं होंगी, बल्कि सिर्फ दो घंटे में प्रयागराज से मुंबई पहुंचा जा सकेगा। इसके लिए प्रयागराज से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू की जा रही है। 20 अप्रैल से इस सेवा का शुभारंभ होगा और मुंबई से प्रयागराज का सफर अब बस दो घंटे में सिमट जायेगा।

प्रयागराज से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट
गौरतलब है कि अभी तक प्रयागराज से मुंबई के लिए कोई भी सीधी फ्लाइट नहीं थी, मुंबई जाने के लिए यात्री को ट्रेन से जाना पड़ता था या फिर दूसरे शहर की फ्लाइट से ही मुंबई का सफर तय करना पड़ता था। सिविल एयरपोर्ट बनने के बाद देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रयागराज को जोडने का क्रम कुंभ से पहले ही शुरू कर दिया गया था, जो आगे भी जारी है और उसी क्रम में 20 अप्रैल से मुंबई के लिये दो सीधी फ्लाइट प्रयागराज से मिलेंगी। फिलहाल यह सेवा विमान कंपनी इंडिगो एयरलाइंस उपलब्ध करा रही है। जिसके लिए आज से बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। प्रयागराज से मुंबई के लिए प्रतिदिन एक फ्लाइट जायेगी और तकरीबन 1350 किलो मीटर की दूरी महज 2 घंटे में पूरी कर यात्रियों के उनके गंतव्य तक पहुंचायेगी।

टाइमिंग व किराया
मुंबई से प्रयागराज के लिए अभी एक ही फ्लाइट आपको मिल सकेगी। यानी एक फ्लाइट यहां प्रयागराज से मुंबई के लिए जायेगी और फिर मुंबई से प्रयागराज आयेगी। प्रयागराज से मुंबई का शुरूआती किराया 3748 रूपये निर्धारित किया गया है, हालांकि अभी इसे यात्रियों की संख्या के बाद और घटाया जायेगा। प्रयागराज से आपको मंबई के लिये फ्लाइट नंबर 6 ई 215 मुंबई-प्रयागराज अपराहृन 2 बजे उडान भरेगी, जो 4 बजे मुंबई पहुंच जायेगी। जबकि मुंबई से फ्लाइट नंबर 6 ई 214 मुंबई-प्रयागराज अपराहृन 11 बजकर 15 मिनट पर उडान भरेगी और 1 बजकर 30 मिनट पर प्रयागराज पहुंचा देगी।

रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम
गौरतलब है कि सरकार ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत प्रयागराज शहर को देश के हर हिस्से से जोड़ने के लिए कुंभ से पहले ही कार्य शुरू कर दिया था और बेहद ही तेजी के तहत प्रयागराज में सिविल टर्मिनल का भी निर्माण कर उसे संचालित भी किया जाने लगा। मुंबई शहर को भी कुंभ के पहले ही प्रयागराज से जोडा जाना था, लेकिन एयरलाइंस की धीमी प्रक्रिया के चलते यह सुविधा नहीं शुरू हो सकी थी, जिसे अब 20 अप्रैल से शुरू किया जा रहा है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के कई छोटे व चर्चित शहरों को हवाई सेवा से जोडने के लिए योगी सरकार ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम शुरू की है। जिसके तहत अलग अलग शहरों में नए एयरपोर्ट बनाने, पुरानी हवाई पट्टी को दुरूस्त करने व उन्हें विस्तार देने का कार्य चल रहा है। जल्द ही यूपी के कई अन्य शहरों से भी हवाई सेवाएं शुरू होंगी, जिन्हें प्रयागराज से जोडा जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications