इलाहाबाद: मलाइका के साथ सेल्फी के लिए चले लात-घूंसे
मलाइका के साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए क्रेजी हुए उनके फैंस में पहले धक्का-मुक्की होती रही, जो बाद में लात-घूंसों में बदल गई। युवाओं की भारी भीड़ से घिरी मलाइका भी घबरा गईं।
इलाहाबाद। आइटम गर्ल व फिल्म अदाकारा मलाइका अरोड़ा आज इलाहाबाद पहुंचीं। यहां उन्होंने एक ज्वैलरी शोरूम का उद्घाटन किया, लेकिन दबंग की 'बदनाम मुन्नी' को देखने के लिए भीड़ बेकाबू हो गई। मलाइका के साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए क्रेजी हुए उनके फैंस में पहले धक्का-मुक्की होती रही, जो बाद में लात-घूंसों में बदल गई। युवाओं की भारी भीड़ से घिरी मलाइका भी घबरा गईं और अचानक से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, जल्द ही निजी सुरक्षा कर्मियों ने हालात संभाले। बाउंसरों ने भीड़ हटाने के लिए जोर लगाया तो कुछ लोग बाउंसर से ही भिड़ गए और झड़प होने लगी।

मलाइका का मूड ऑफ
इलाहाबाद में फैन्स की दीवानगी में पागलपन देखकर मलाइका का मूड ऑफ हो गया। खींचतान और धक्कामुक्की से मलाइका काफी असहज हो गईं। भारी भीड़ के चलते सरदार पटेल मार्ग पर जाम लग गया। मलाइका भीड़ के बीच फंस गईं, लेकिन अनुभवी निजी सुरक्षा कर्मियों ने घेरा बनाकर उन्हें वहां से बाहर निकाला। हालांकि, मलाइका ने प्रशंसकों का हंसकर अभिवादन किया, लेकिन अपने वक्तव्य में उन्होंने इस तरह के व्यवहार पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि मेहमान नवाजी का तरीका खौफनाक होने के बजाय यादगार होना चाहिए। ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के चुनावी रोड शो में उमड़ पड़ी लोगों की भीड़
मलाइका बोलीं कैशलेस करें खरीददारी
बमरौली एयरपोर्ट से होटल पहुंचीं मलाइका ने बातचीत करते हुए पत्रकारों से कहा कि डेबिट-क्रेडिट कार्ड से खरीददारी करें। कैशलेस व्यवस्था कारगर है। हालांकि, पारिवारिक और चुनाव से संबंधित सवालों को वह सीधे तौर पर टाल गईं।
सुपर है इलाहाबाद
अमिताभ बच्चन के शहर की पहली झलक पाते ही मंत्रमुग्ध हुईं मलाइका ने कहा कि इलाहाबाद पहली बार आई हूं, लेकिन यह शहर बहुत अच्छा है। अगली बार आने पर हर सवाल का जवाब दूंगी। संगम जाऊंगी और इलाहाबाद को और नजदीक से जानूंगी। मलाइका के शोरूम पहुंचते ही युवाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मलाइका के साथ सेल्फी लेने की होड़ मची रही। मलाइका यहां से वाराणसी गईं।












Click it and Unblock the Notifications