यूपी में फिर बजा चुनावी बिगुल, 6 जुलाई को होगा मतदान
इलाहाबाद/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से चुनाव का बिगुल बज गया है। यूपी में एक बार फिर से चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। दरअसल राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायतों के रिक्त पदों के उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रदेश में पंचायतों के हजारों पद खाली हैं और इन्हीं पदों के उपचुनाव 6 जुलाई को होंगे। आयोग ने नामंकन समेत सभी तारीखों का ऐलान कर दिया है और अब संबंधित इलाकों में तैयारी का दौर भी शुरू हो गया है।

कितने पद हैं खाली
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश में मौजूदा समय में पंचायतों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं। इसमें ग्राम प्रधानों के 329, ग्राम पंचायत सदस्यों के 3685, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 285 व सदस्य जिला पंचायत के 13 पद रिक्त हैं। इन सभी खाली पदों को भरने के लिये अब उप चुनाव होगा, जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है।
क्या है पूरा कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के रिक्त पदों के उपचुनाव की जारी अधिसूचना के अनुसार दो दिन बाद से चुनावी प्रक्रिया शुरू होगी। यानी 21 जून से नामांकन का क्रम शुरू होगा। इन पदों के लिये 26 जून के बीच नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 27 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 28 जून को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे और इसी दिन शाम को चुनाव चिन्ह प्रत्याशियों को दिए जाएंगे। इसके बाद 6 जुलाई को मतदान की प्रक्रिया पूरी होगी और एक दिन के अंतराल के बाद आठ जुलाई को मतगणना होगी और रिजल्ट घोषित किया जायेगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार द्वारा ने बताया कि आयोग की अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी 19 जून व निर्वाचन अधिकारी 21 जून को सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे। निर्धारित तिथियों पर निष्पक्ष व शांति पूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिये तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।












Click it and Unblock the Notifications