इटली से कुंभ आई महिला पर्यटक लापता, पुलिस कर रही मिलने का दावा
Prayagraj news, प्रयागराज। भारत का कुंभ मेला देखने के लिए इटली से अपने दोस्तों के संग आई एक इटैलियन महिला पर्यटक कुंभ मेला क्षेत्र से लापता हो गई है। महिला के साथ रहे दोस्तों ने कुंभ मेला क्षेत्र में बने खोया पाया केंद्र में महिला के लापता होने की सूचना दर्ज करायी है। हालांकि, पुलिस महिला के मिलने का दावा कर रही है।

कुंभ में साथियों से बिछड़ी महिला
जानकारी के अनुसार, महिला का नाम आइरीन है और वह रविवार को कुंभ क्षेत्र में अपने दोस्तों के साथ यहां की भव्यता देख रही थी। इसी बीच वह अपने साथियों से बिछड़ गई। आइरीन के दोस्त वापस उन स्थानों पर गए जहां तक आइरीन साथ थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद परेशान दोस्तों ने पुलिस से मदद मांगी तो उन्हें खोया पाया केन्द्र ले जाया गया। जहां आइरीन की फोटो व डिटेल आदि देने के बाद सूचना दर्ज कर ली गयी है।

दो दोस्तों के साथ आयी थी आइरीन
रविवार को मेला क्षेत्र से इटली की 25 वर्षीय आइरीन के लापता होने के बाद हड़कंप मच गया। वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर पुलिसकर्मियों को उसके हुलिए की जानकारी दी गई। मेला प्रशासन और पुलिस ने तत्कला तलाश के लिए विशेष प्रयास भी शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, आइरीन अपनी एक महिला व एक पुरुष मित्र संग भारत आई है। वह भारत भ्रमण के साथ विशेष तौर पर कुंभ मेला देखने के लिए आयी है। दिल्ली से वह प्रयागराज के लिए रवाना हुई तो रविवार को वह दोस्तों संग कुंभ मेले में पहुंची। शाम को सभी घूम रहे थे कि तभी वह लापता हो गई। आइरीन ने नीले रंग का स्कार्फ व काली रंग की जैकेट पहन रखी है।

डीआईजी बोले- वाराणसी पहुंच गयी आइरीन
वहीं, इस मामले में कुंभ मेला पुलिस ने आइरीन के बनारस में होने का दावा किया है। डीआईजी कुंभ केपी सिंह ने बताया कि अपने दोस्तों से बिछड़ने के बाद आइरीन ने भी खोजबीन की, लेकिन कुछ ही देर बाद वह अपने पूर्व निर्धारित रूट के अनुसार वाराणसी के लिए रवाना हो गई थी। वाराणसी में आइरीन की लोकेशन मिलने के बाद उसके दोस्तों से उसका संपर्क करा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications