पिता ने दो बेटियों को शर्बत में जहर देकर खुद भी पी लिया, तीनों की मौत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में दिल दहला देने वाली घटना हुई है। सोमवार की देर शाम घरेलू कलह के चलते एक व्यक्ति ने शर्बत में जहर मिलाकर न सिर्फ खुद पिया बल्कि अपनी दो बेटियों को भी पिला दिया। तीनों की हालत खराब होने उसकी पत्नी आदि घरवालों को इसकी जानकारी हो सकी। आनन-फानन में सभी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

क्या है पूरा मामला
प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के कंजासा गांव निवासी शोभनाथ निषाद (45) राजस्थान की एक कंपनी में नौकरी करता था। 20 दिन पहले ही वह पत्नी सावित्री और अपनी दो बेटियों तनिष्का (16) और साक्षी (8) के साथ गांव आया था। यहां बालू खनन में मजदूरी करने लगा। पुलिस के अनुसार सोमवार को दिन के दूसरे पहर में करीब सवा 1 बजे शोभनाथ ने नीबू का शरबत बनाया और उसमे केमिकल मिला दिया। उसने केमिकल मिला शरबत अपनी बेटी कनिष्का (16) और साक्षी (8) को पीने के लिये दिया और खुद पी लिया। अगले कुछ मिनट में ही बेटियां गले में तेज जलन से चीखने लगी तो दूसरे कमरे में डेढ साल के बेटे शेषनाग के साथ सो रही मां सावित्री दौड़ कर कमरे से बाहर आई।

तड़प-तड़प कर चली गयी जान
दोनों बेटियों और पति को तड़पता देख सावित्री ने गुहार मचाई तो मदद के लिये परिवार के लोग व पड़ोसी दौड़े। तत्काल सभी को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही सभी की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में डाक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची तो घटना स्थल पर मौजूद पॉलीथिन में रखा कीटनाशक पदार्थ, केन, गिलास कब्जे में ले लिया और अब उसे फॉरेंसिक जांच के लिये विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।

घरेलू कलह बनी वजह
पुलिस के अनुसार शोभनाथ इस समय घरेलू कलह से जूझ रहा था। जमीन व घर को लेकर भाईयों से विवाद चल रहा था, जबकि आर्थिक तंगी के लेकर पति-पत्नी में रोज झगड़ा होता था। रोज रोज के झगड़े से आजिज शोभनाथ ने यह आत्मघाती कदम उठाया। आश्चर्य की बात है कि जिस केमिकल को आत्महत्या के लिये प्रयोग किया गया, उसे लगभग 20 दिन पहले जयपुर से लेकर शोभनाथ आया था। ऐसे में सवाल उठ रहा था कि क्या शोभनाथ ने पहले से ही आत्महत्या का प्लान लिया था। मामले में एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ ने बताया कि पूछताछ में अभी तक घरेलू कलह के कारण ही आत्महत्या करने की बात सामने आयी है।












Click it and Unblock the Notifications