EVM जमा कर लौट रहे मतदान अधिकारी का सिर मिट्टी में दबा मिला, घरवालों के मिले कई मिसकॉल
प्रयागराज। छठे चरण के मतदान में इलाहाबाद संसदीय सीट के बारा इलाके में चुनाव कराकर वापस लौट रहे एक मतदान अधिकारी की बीती रात हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को बेहद ही नृशंस तरीके से अंजाम दिया। ईंट पत्थर से सिर व शरीर के अंगों को कूंचकर हत्या की गई और फिर मतदान अधिकारी का सिर मिट्टी में गाड़ दिया गया। सुबह ग्रामीणों ने लाश देखी तो शव का शिनाख्त शुरू हुई। मौके पर मिले कागजात से पता चला मृतक युवक प्रयागराज जिले के सारांव सरांय लहुरी गांव का रहने वाला आशीष तिवारी था, जो इलाहाबाद संसदीय सीट के बारा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी ड्यूटी पूरी करने के बाद आधी रात घर लौट रहा था।

रात में आशीष कर रहा था फोन
शव मिलने की सूचना पर जब मौके पर पुलिस पहुंची तो शव की शिनाख्त की जा सकी। आशीष के रूप में पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई तो रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि आशीष बाइक से रात में लौटा था और आधी रात कई बार उसने घर पर फोन भी किया, लेकिन परिजन सो चुके थे तो किसी ने फोन रिसीव नहीं किया और जब सुबह फोन पर आशीष की कॉल देखी गई तो उसे फोन किया जाने लगा।, लेकिन आशीष का फोन रिसीव नहीं हुआ। बहुत प्रयास के बाद आशीष की खोजबीन शुरू हुई और कुछ घंटे बाद पुलिस ने आशीष के मौत की सूचना दी।

गड्ढे में फेंक दिया शव
सोरांव के सराय लहुरी गांव के रहने वाले जनार्दन तिवारी की कुछ साल पहले मौत हो गई तो मृतक आश्रित कोटे के तहत उनके बेटे आशीष तिवारी उर्फ रिंकू को सिंचाई विभाग में ही नौकरी दी गई थी। छठवें चरण के चुनाव में आशीष की चुनावी ड्यूटी इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र के बारा विधान सभा क्षेत्र में लगाई गई थी। घर से आशीष 11 मई को बाइक से निकला था और 12 मई की रात लगभग 12 बजे के बाद ईवीएम मशीन जमा कराने के बाद वापस घर लौटा था। रात 12 बजे ही आशीष ने घर पर फोन नहीं किया और सुबह उसकी लाश सोरांव के सराय दीना गांव में सड़क के किनारे एक गड्ढे में पड़ा था। आशीष के सिर को मिट्टी से ढक दिया गया था।

सिर को ईंट पत्थर से कूंचा गया था
पुलिस ने शव बाहर निकाला तो सिर को ईंट पत्थर से कूंचा गया था। जिस स्थान पर आशीष का शव मिला वहां सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है और जेसीबी मशीन से सड़क के बगल में गड्ढा बनाया गया था। आशीष की हत्या के बाद इस गड्ढे में शव फेंका गया और सिर पर मिट्टी डाल कर उसे बंद कर दिया गया। ताकि सांस चलने की अगर कोई संभावाना हो तो वह भी दम घुटने से खत्म हो जाए। मामले में आशीष के भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरूद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक परिवार की मदद के लिए जिला प्रशासन ने चुनाव आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।












Click it and Unblock the Notifications